हुआ था विवाद, ग्राम पंचायत उपाध्यक्ष था मृतक
हुब्बल्ली.
धारवाड़ जिले के कोटूर गांव में मंगलवार रात ग्राम पंचायत उपाध्यक्ष और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता प्रवीण सिद्धप्पा कम्मर (36) की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में सात लोगों को हिरासत में लिया है। प्रवीण जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की कार्यकारिणी समिति के सदस्य थे। विधानसभा चुनाव के समय हुई घटना के कारण पुलिस सतर्कता बरत रही है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि हत्या के पीछे राजनीतिक कारण है या नहीं। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

मृतक की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात गांव के उडचम्मा मेले के दौरान प्रवीण का कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने प्रवीण पर चाकू से वार कर दिया और लकड़ी से भी हमला किया था। घटना रात करीब 11 बजे की है।

गंभीर रूप से घायल प्रवीण को तुरंत नजदीकी एसडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था परंतु बुधवार सुबह करीब 5.20 बजे इलाज के दौरान उसने अंतिम सांस ली।

इस घटना के संबंध में पुलिस ने राघवेंद्र बसवराज पटात, आत्मानंद बसवराज पटात, महंतेश बसवराज पटात, यल्लप्पा करिकट्टी, बसवराज मडिवालप्पा पाटिल, शंकरय्या पंचय्या मठपति और गीता बसवराज बारकेर उर्फ पुजार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस संबंध में गरग थाने में मामला दर्ज किया गया है।

सभी आयामों से जांच: एसपी

जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश जगलासर ने बताया कि उन्होंने बुधवार सुबह एसडीएम अस्पताल का दौरा कर जानकारी हासिल की है, मामले में कुछ लोगों से हिरासत में पूछताछ की जा रही है। कारणों की सभी आयामों से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में अतिरिक्त पुलिस बंदोबस्त किया गया है।

केंद्रीय मंत्री ने किया का दौरा

धारवाड़ के एसडीएम अस्पताल पहुंचे केंद्रीय खान, कोयला एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने शवगृह का दौरा कर जानकारी ली। विधायक अमृत देसाई, भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *