हिन्दी पखवाड़ा : विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
हुब्बल्ली. दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) हुब्बल्ली रेल मंडल ने हिंदी पखवाड़ा-2023 को धूम-धाम से मनाया।
मंडल रेल प्रबंधक हर्ष खरे ने मंडल में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ राजभाषा प्रदर्शनी से किया था। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने सभी रेलकर्मियों को राजभाषा प्रतिज्ञा दिलाई।
सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता तथा उसके उत्तरोत्तर प्रयोग में गति लाने के उद्देश्य से रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए हिंदी निबंध, वाक्य, टिप्पणी व प्रारूप लेखन, हिंदी टंकण, स्मरण, वर्ग-पहेली, चित्र देखें-लेख लिखें और राजभाषा प्रश्नोत्तरी जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों के लिए देशभक्ति गान, हिंदी निबंध और वाक्य् प्रतियोगिता का विशेष आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं में रेलकर्मियों और स्कूल के बच्चों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया था।
रेलवे ऑफिसर्स क्लब में हिंदी पखवाड़ा-2023 के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन शुक्रवार (06-10-2023) को किया गया था।
इस अवसर पर समारोह के मुख्य अतिथि एवं मंडल रेल प्रबंधक हर्ष खरे ने सरकारी कामकाज में हिंदी में मूल नोटिंग और ड्राफ्टिंग करने वाले विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि पूरे दपरे ज़ोनल रेल में लागू इस योजना में भाग लेने वाले कर्मचारियों की संख्या हुब्बल्ली मंडल में सबसे अधिक है। इससे पता चलता है कि मंडल में कर्मचारियों में हिंदी के प्रति काफी उत्साह है। भारत सरकार की राजभाषा नीति, अधिनियम एवं नियम के उपबंधों के अनुपालन में अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसीलिए उनसे अपेक्षा की जाती है कि वे वार्षिक कार्यक्रम में निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए हर संभव प्रयास करें।
अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) संतोष कुमार वर्मा ने समारोह में स्वागत कर हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए हुब्बल्ली मंडल की राजभाषा शाखा की ओर से किए गए प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसकी बदौलत रेल कर्मचारियों में हिंदी में काम करने की रुचि बढ़ी है। हिंदी में काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या में गणनीय वृद्धि हुई है।
राजभाषा अधिकारी सचिन जैन ने हुब्बल्ली मंडल की ओर से वर्ष 2022-23 के दौरान राजभाषा कार्यान्वयन क्षेत्र में प्राप्त उपलब्धियों का संक्षिप्त लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों एवं रेल कलाकारों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। वरिष्ठ अनुवादक आर.एन. नदाफ ने कार्यक्रम का संचालन किया और वरिष्ठ अनुवादक जी.आर. नारायणाद्रि ने आभार व्यक्त किया।
समारोह में हुब्बल्ली मंडल के अनेक वरिष्ठ रेल अधिकारी और रेल कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
10 हजार शब्द योजना में 85 अधिकारी-कर्मचारी पुरस्कृत
राजभाषा विभाग की दस हजार शब्द योजना के अंतर्गत सरकारी कामकाज में मूल रूप से हिंदी का प्रयोग करने वाले 85 रेल अधिकारियों, कर्मचारियों तथा राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा कार्यान्वयन क्षेत्र में सहयोग करने वाले कुल 10 कर्मचारियों और हिंदी पखवाड़े के दौरान रेल अधिकारियों, कर्मचारियों तथा रेलवे स्कूल के बच्चों के लिए आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के कुल 95 विजेताओं को प्रमाण-पत्र तथा नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक हर्ष खरे ने हिंदी सहायक साहित्य ’’राजभाषा मार्गदर्शिका’’ का विमोचन किया।