बेंगलूरु के व्यापारी ने कर्मचारी पर लगाया भरोसा तोडऩे का आरोप, मामला दर्ज
हुब्बल्ली. शहर में 24 किलोग्राम चांदी के आभूषणों की चोरी का मामला सामने आया है। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 59 लाख रुपए बताई जा रही है। इस संबंध में शहर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
बेंगलूरु के मागडी क्रॉस क्षेत्र के व्यापारी अशीष कुमार जैन ने राजस्थान निवासी योगेश सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि आरोपी उनके यहां कार्यरत था और उसने विश्वासघात करते हुए इस वारदात को अंजाम दिया।
कार से दो बैग पार
पुलिस के अनुसार, हुब्बल्ली के लैमिंगटन रोड स्थित महादेवी सिल्क साड़ीज़ दुकान के सामने खड़ी कार से आरोपी ने दो बैग चोरी किए। इन बैगों में पायल, चेन, ब्रेसलेट, कड़े और अन्य चांदी के आभूषण रखे हुए थे।
व्यापारी ने बताया कि आरोपी को माल की जानकारी थी और उसी का फायदा उठाकर उसने सुनियोजित तरीके से चोरी की।
जांच शुरू
शहर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
