पुलिस आयुक्त भूषण बोरसे ने दी जानकारी
साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल हो रहे बैंक खाते
कमीशन के लालच में फंस रहे युवा
बेलगावी. शहर के पुलिस आयुक्त भूषण बोरसे ने कहा कि शहर में साइबर अपराध का जाल तेजी से फैलता जा रहा है। पुलिस के अनुसार बेलगावी में करीब 2,900 ‘म्यूल अकाउंट’ सक्रिय हैं, जिनका उपयोग साइबर ठग अवैध लेनदेन के लिए कर रहे हैं। कई लोग अनजाने में इस नेटवर्क का हिस्सा बन रहे हैं।
इस बारे में पत्रकारों को जानकारी देते हुए पुलिस आयुक्त बोरसे ने कहा कि हाल ही में एक युवक ने कमीशन के लालच में अपने नाम से नौ बैंक खाते खुलवाकर उनके विवरण साइबर ठगों को सौंप दिए। इसके बाद ठगों ने विभिन्न लोगों से ठगी कर लगभग 80 लाख रुपए इन खातों में ट्रांसफर कराए और फिर राशि को अन्य खातों में भेज दिया। सीईएन पुलिस की जांच में यह मामला सामने आया।
उन्होंने कहा कि कई युवा जल्दी पैसे कमाने के लालच में अपने नाम से बैंक खाते खोलकर अपराधियों को दे रहे हैं। ऐसा करना भी कानूनन अपराध है। कई बार खाते किस उद्देश्य से उपयोग होंगे, यह जाने बिना ही लोग इसमें फंस जाते हैं।
आयुक्त ने कहा कि एक अन्य मामले में दुबई में रहने वाले एक युवक ने अपनी मां के माध्यम से स्वयं सहायता समूह के नाम पर बेलगावी में बैंक खाता खुलवाया, जिसमें ठगी की रकम जमा कराई गई। वहीं कुछ लोगों को घर बैठे काम दिलाने और कमीशन देने का झांसा देकर भी ऐसे खातों का इस्तेमाल कराया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने और अपने बैंक खातों की जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति को न देने की अपील की है।

