महिलाओं के दिया जाएगा ३३ फीसदी आरक्षणकलबुर्गी में शनिवार को जिला प्रशासन, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला महिला सशक्तिकरण इकाई की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित "अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस" कार्यक्रम के दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन करते उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार।

उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने की घोषणा

कलबुर्गी. उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि यह तय है कि आने वाले दिनों में विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। राज्य की महिलाओं को सत्ता संभालने के लिए तैयार रहना चाहिए।

वे कलबुर्गी में शनिवार को जिला प्रशासन, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला महिला सशक्तिकरण इकाई की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित “अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस” कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की उन्नति को कोई नहीं रोक सकता। हमारी संस्कृति ऐसी है जो महिलाओं की तुलना माताओं और धरती माता से करके उनका सम्मान करती है। महिला केन्द्रित आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पांच गारंटी योजनाएं इस विश्वास के साथ क्रियान्वित की गई हैं कि महिलाएं बढ़ेंगी तो समाज बढ़ेगा।

उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज, आईटी-बीटी तथा कलबुर्गी जिला प्रभारी मंत्री प्रियांक खरगे ने आरोग्य पुष्टि योजना के अंतर्गत शहाबाद, काळगी और अफजलपुर तालुकों में अपने पहले बच्चे की उम्मीद कर रही 18-35 वर्ष की 1,257 महिलाओं को पौष्टिक भोजन किट वितरित किए। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और बैंक पासबुक वितरित किए। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया।

विधायक अल्लमप्रभु पाटिल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में नगर प्रशासन एवं हज मंत्री रहीम खान, विधायक एवं कल्याण कर्नाटक क्षेत्र विकास बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, आलंद विधायक और कर्नाटक राज्य नीति एवं योजना आयोग के उपाध्यक्ष बी.आर. पाटिल, अफजलपुर विधायक एम.वाई. पाटिल, कर्नाटक निजशरण अम्बिगर चौडय्य विकास निगम के अध्यक्ष बाबूराव चिंचनसूर, विधान परिषद सदस्य शशिल नमोशी, तिप्पणप्पा कमकनूर, जिलाधिकारी बी. फौजिया तरन्नुम, महिला एवं बाल कल्याण विभाग के उपनिदेशक राजकुमार राठौड़ उपस्थित थे।

महिपाल रेड्डी ने कार्यक्रम का संचालन किया। शशिकला डेंगी ने आभार व्यक्त किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *