पुलिस की छापेमारी में 3.50 लाख रुपए का डीजल बरामद, मामला दर्ज
मेंगलूरु. दक्षिण कन्नड़ जिले के उप्पिनंगडी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से भंडारित 4,175 लीटर डीजल जब्त किया है। यह कार्रवाई बेल्तंगडी के डीवाईएसपी रोहिणी सी.के. के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार बेल्तंगडी तालुक के कनियूर गांव निवासी जगदीश ने अपने शेड में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में डीजल संग्रहित कर रखा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर मौके से डीजल बरामद किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 200 लीटर क्षमता के 20 बैरल तथा 35 लीटर क्षमता के 5 कैन में रखा कुल 4,175 लीटर डीजल जब्त किया। जब्त किए गए डीजल की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई गई है।
इस संबंध में उप्पिनंगडी पुलिस थाना में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई है।

