राज्य में 9 नई रेल लाइनों के लिए बजट में 600 करोड़ रुपएरेल लाइन।

तुमकूरु-दावणगेरे समेत कई परियोजनाएं

रेल मंत्रालय के साथ 50:50 साझेदारी में होगा निर्माण

भू-अधिग्रहण और निर्माण कार्यों के लिए बड़ी राशि खर्च

हुब्बल्ली. कर्नाटक सरकार ने 2026-27 के बजट में राज्य की 9 नई रेल लाइन परियोजनाओं के लिए 600 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने बजट भाषण में इसकी घोषणा की।

सरकार ने बताया कि इन परियोजनाओं को रेलवे विभाग के साथ 50:50 लागत साझेदारी के आधार पर लागू किया जा रहा है। इनमें से 7 रेल परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण पर लगभग 2,950 करोड़ रुपए और निर्माण कार्यों पर 2,682 करोड़ रुपए पहले ही खर्च किए जा चुके हैं।

कौन-कौन सी नई रेल परियोजनाएं?

राज्य में प्रस्तावित 9 नई रेल लाइनें इस प्रकार हैं

गिनिगेरा – रायचूर
तुमकूरु – रायडुर्ग
चिक्कमगलूरु – बेलूर
कुडची – बागलकोट
गदग – वाडी
तुमकूरु – दावणगेरे
बेलूर – हासन
शिवमोग्गा – शिकारीपुर – राणेबेन्नूर
धारवाड़ – कित्तूर – बेलगावी

इनमें गिनिगेरा-रायचूर और तुमकूरु-रायडुर्ग रेल लाइन परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण और निर्माण लागत केंद्र और राज्य सरकार के बीच बराबर बांटी जाएगी। जबकि बाकी सात परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण का पूरा खर्च और निर्माण लागत का 50 प्रतिशत राज्य सरकार वहन कर रही है।

उपनगरीय रेल परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपए

सरकार ने बेंगलूरु उपनगरीय रेल परियोजना के लिए भी चालू वित्त वर्ष में 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। चार कॉरिडोर वाली इस परियोजना में कॉरिडोर-2 (बेन्निगनहल्ली-चिक्कबाणावर) के लिए आवश्यक भूमि का 100 प्रतिशत अधिग्रहण हो चुका है और निर्माण कार्य जारी है।

कॉरिडोर-4 (हीललिगे-राजानुकुंटे) के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया जारी है। सरकार का लक्ष्य दिसंबर 2030 तक इन दोनों कॉरिडोर को पूरा करना है।

इसके अलावा बयप्पनहल्ली-होसूर और यशवंतपुर-चन्नसंद्रा रेल मार्गों के द्विपथीकरण की परियोजना भी चल रही है। लगभग 70 किलोमीटर रेल लाइन के इस प्रोजेक्ट पर 812 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं, जिसमें राज्य सरकार की हिस्सेदारी 406 करोड़ रुपए है। इस परियोजना के तहत 14 किलोमीटर रेल लाइन का दोहरीकरण पहले ही पूरा किया जा चुका है और चालू वर्ष में इसके लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *