नवलगुंद में 8,965 हेक्टेयर फसल को नुकसान
अलनवार में बह गया छोटा पुल
हुब्बल्ली. धारवाड़ शहर समेत जिले के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को भी बारिश जारी रही और 98 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
सात घर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि 91 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। धारवाड़ तालुक के बाविकट्टी गांव में एक अस्थायी राहत केंद्र खोला गया है। सुबह से ही धूप और बादल छाए थे। पिछले चार दिनों से बारिश हो रही है और शाम को आधे घंटे से अधिक समय तक बारिश हुई।
बारिश के कारण शहर की सडक़ों पर गड्ढे बने हैं और पानी जमा हुआ है। इससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। बारिश में भी लोगों के मंदिर जाने के दृश्य नजर आए।
गरग, तडक़ोड, कोटूर, नीरलकट्टी, मादनभावी, तेगुर में आधे घंटे तक बारिश हुई है। खेत पानी से लबालब हैं। नहरें उफान पर हैं। तालाबों में पानी जमा हो गया है।
धारवाड़-हुब्बल्ली मार्ग पर सडक़ किनारे निचले इलाकों में पानी जमा हो गया था। कच्ची सडक़ें कीचड़ से भरी हैं।
नवलगुंद में 8,965 हेक्टेयर फसल को नुकसान
पिछले तीन-चाक दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण नवलगुंद तालुक में नहर और नालियां उफान पर हैं। बेन्नीहल्ला के बाढ़ का पानी शहर के अंबेडकर नगर सहित तालुक के गुम्मगोल, शिरकोल और मोरब गांवों के घरों में घुसा है। तिर्लापुर गांव में झील भर कर आसपास के घरों में पानी घुसने से लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
तालुक प्रशासन ने जानकारी दी है कि बारिश के कारण प्याज, मक्का और कपास की फसल को नुकसान हुआ है। पूरे तालुक में 8,965 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल को नुकसान हुआ है। अरेकुरट्टी गांव में 2 घर जलमग्न हुए हैं। 131 घरों में पानी भरने से खाद्यान्न की क्षति हुई है। 47 घर आंशिक रूप से ढह गए हैं।
तालुक के शिरकोल गांव के पास तुप्परीहल्ला नहर को पार करते समय पानी में बह कर कंटीली झाड़ी में फंस गए दो लोगों को ग्रामीणों की मदद से बचाया गया।
भारी बारिश के कारण तालुक केंद्र के पडेसूर, हालकुसुगल, शानवाड़, तिर्लापुर, मोरब, तलेमोरब, अहेट्टी शीरूर और गुम्मगोल में पुल जलमग्न हुए हैं, जिससे सडक़ संपर्क टूटा है।
तालुक के कडदल्ली, गुडीसागर, नागनूर, अरहट्टी, तडहाल और अमरगोल गांव भी बेन्नीहल्ला नहर की बाढ़ के खतरे में हैं, जिसके चलते तालुक प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।
बारिश से बहा छोटा पुल
पिछले तीन-चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण अलनावर के बालगेरी के बाहरी इलाके में डौगी नाला नहर पर बना छोटा पुल बह गया है। यह पुल अलनावर और बेणची के किसानों को खेतों तक जाने में मददगार था। छोटा पुल बह जाने से किसान बिना किसी वैकल्पिक रास्ते के अपने खेतों तक पहुंचने के लिए रस्सी के सहारे दूसरे किनारे तक पहुंच रहे हैं।
किसानों ने बह गए छोटे पुल की शीघ्र मरम्मत कराकर किसानों को सुविधा दी उपलब्ध करने की मांग की है। शनिवार को अलनावर में भारी बारिश हुई। बारिश के कारण किसानों को कटी हुई फसलों को सुखाने में परेशानी हो रही है।