भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

10 नदियां खतरे के निशान पर पहुंचीं।

हुब्बल्ली. भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ है, उत्तर कर्नाटक और मलेनाडु में 10 नदियां खतरे के निशान पर पहुंच गई हैं। 8 पुल जल मग्न हो गए हैं। भूस्खलन से कई जगहों पर संपर्क टूट गया है।

महाराष्ट्र और बेलगावी जिलों में कृष्णा, दूधगंगा, वेदगंगा, घटप्रभा, हिरण्यकेशी, मलप्रभा, मार्कंडेय नदियां भारी बारिश के कारण उफान पर हैं।

कृष्णा नदी में 93 हजार क्यूसेक पानी बह रहा है, निप्पाणी और चिक्कोडी इलाके के 8 पुल जलमग्न हुए हैं। निप्पाणी तालुक के कारदगा गांव में बंगाली बाबा दरगाह, यक्सम्बा में मुल्लनक्की दरगाह, कल्लोल दत्ता मंदिर और नरसिंहवाड़ी श्री दत्त मंदिर जलमग्न हुए हैं।

हालात्री नाला भी उफान पर है, जिससे 15 गांवों का संपर्क टूट गया है। खानापुर-गोवा यातायात भी बंद हुआ है। हिडकल जलाशय का जलस्तर एक ही दिन में पांच फीट बढ़ गया है। मलप्रभा नदी के जरिए जलाशय में सात हजार क्यूसेक पानी बह रहा है।

चार्माडी में यातायात मुश्किल

मलेनाडु क्षेत्र में भी भारी बारिश हो रही है, जिससे तुंगा, भद्रा और हेमावती नदियां उफान पर हैं। श्रृंगेरी तालुक के नेम्मार के पास एक पहाड़ी ढह गई है। चार्माडी घाटी क्षेत्र में कोहरा छा गया है, जिससे वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया है। शिवमोग्गा जिले के आगुम्बे में कुंदाद्री वर्तेगद्दे के पास पेड़ गिरने से सडक़ संपर्क टूट गया है। अंजनापुर जलाशय भर गया है। तटीय और कोडगु में भी भारी बारिश हुई है।

हेमावती से 15,000 क्यूसेक पानी छोड़ा

मलेनाडु और चिक्कमगलूर जिले के मूडिगेरे हिस्से में भारी बारिश के कारण हेमावती जलाशय में पानी का प्रवाह दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। इसके चलते जलाशय के 6 क्रस्ट गेटों के जरिए पानी छोड़ा जा रहा है। जलाशय का अधिकतम स्तर 2,922 फीट है, जो गुरुवार को 2,915.50 फीट है। जलाशय में 14,985 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है और 15,700 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

केआरएस बांध भरने की अवस्था में

कावेरी नदी बेसिन में अपेक्षा से अधिक बारिश हो रही है, और केआरएस बांध भरने की अवस्था में पहुंच गया है। एहतियात के तौर पर नदी में 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जलाशय की अधिकतम जल संग्रहण क्षमता 124.80 फीट है, और जलाशय में वर्तमान जल संग्रहण 120.90 फीट है।

विभिन्न स्थानों पर स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश रहा

26 जून को हासन जिले के 4 तालुकों, बेलगावी जिले के 3, उत्तर कन्नड़ जिले के 2 और चिक्कमगलूरु के 5 तालुकों में अवकाश घोषित किया गया था।

कावेरी नदी में फंसे पिता-पुत्र को बचाया

पुलिस ने कावेरी नदी में पानी का स्तर बढऩे के कारण नदी पार करने में असमर्थ नदी में फंसे पिता-पुत्र को बचाया है। मैसूरु के बन्नूर होबली (राजस्व केंद्र) के माकनहल्ली गांव के कृष्णगौड़ा (53) और उनके बेटे प्रवीण (22) को बचाया गया। वे हमेशा की तरह नदी के दूसरे किनारे स्थित देवी तोपी में अपने मवेशियों को चराने गए थे, तभी नदी में भारी जलभराव हो गया।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *