सीएम पद की दौड़ में फिलहाल नहीं
समर्थकों को नारेबाजी छोडऩे की नसीहत
बल्लारी घटना पर बोले- सीबीआई जांच की आवश्यकता नहीं
शिवमोग्गा. लोक निर्माण मंत्री सतीश जारकीहोली ने कहा कि राज्य में बजट के बाद सत्ता हस्तांतरण को लेकर दिल्ली स्तर पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल वे मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं, अवसर आने पर देखा जाएगा।
शहर के नवुले खेल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय वाल्मीकि कप टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में जारकीहोली ने कहा कि क्रिकेट में मैं अच्छी बल्लेबाजी करता हूं, लेकिन राजनीति में गूगली फेंकनी पड़ती है। बिना गूगली के सफलता नहीं मिलती।
केपीसीसी अध्यक्ष पद को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा मैच है, इस पर अभी चर्चा नहीं करेंगे।
जी-राम जी योजना पर टिप्पणी करते हुए जारकीहोली ने कहा कि इस योजना में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी अधिक है। किस पंचायत को अनुदान जारी करनी है, इसका निर्णय केंद्र करता है। राज्य सरकार की शक्ति सीमित है, ऐसे में विरोध भी करना पड़ता है और चुप भी नहीं बैठा जा सकता।
समर्थकों को नसीहत
शिवमोग्गा हेलीपैड पर उनके पहुंचने पर समर्थकों ने ‘अगले मुख्यमंत्री सतीश जारकीहोली’ के नारे लगाए। इस पर उन्होंने कहा कि इससे कोई फायदा नहीं। आप लोग नारे लगाना छोड़ देंगे, तभी नेता बनेंगे।
कांग्रेस कार्यालय का दौरा
क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन के बाद मंत्री ने जिला कांग्रेस कार्यालय का दौरा किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष आर. प्रसन्नकुमार ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य बिल्कीस बानो और जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्वेता बंडी ने उनका सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की।
बल्लारी घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जारकीहोली ने कहा कि बल्लारी की घटना राज्य सरकार के लिए असहज करने वाली रही। यह एक छोटी घटना थी, जिसे इतना बड़ा नहीं होना चाहिए था। सरकार ने मामले को सीआईडी जांच के हवाले कर दिया है, ऐसे में सीबीआई जांच की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थिति को सही ढंग से संभालने में विफल रहने के कारण ही संबंधित पुलिस अधीक्षक को निलंबित किया गया है।

