जुड़वां शहरों में बढ़ा अपराध, जनता चिंतितडीसीपी महानिंग नंदगावी।

पुलिस की सख्ती के बावजूद अपराधियों का दुस्साहस

नशा कारोबार और चाकूबाजी पर रोक जरूरी

हुब्बल्ली. हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर और पूरे धारवाड़ जिले में हाल के दिनों में अपराध की घटनाओं में वृद्धि दर्ज की गई है। लगातार हो रही वारदातों से सार्वजनिक शांति और सुरक्षा पर असर पड़ा है। पुलिस की सख्ती और बंदोबस्त के बावजूद अपराधियों का दुस्साहस कम नहीं हुआ है।

पुलिस आयुक्त की सख्ती, अपराधियों में भय

पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार के कार्यभार संभालने के बाद अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया गया। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी का पुलिस मुठभेड़ में मारा जाना, हत्या और चाकूबाजी के आरोपियों को पैरों में गोली मारकर गिरफ्तार करना जैसी कार्रवाइयों से अपराधियों में भय जरूर पैदा हुआ, लेकिन अपराध पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया।

नशा कारोबार पर कार्रवाई, असर सीमित

पिछले डेढ़ वर्ष में पुलिस ने 7-8 विशेष अभियान चलाकर नशीले पदार्थों के सेवन और बिक्री में संलिप्त 3,800 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया। इनमें से 1,419 लोगों में नशे की पुष्टि हुई और 282 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके बावजूद नशे का कारोबार और सेवन जारी है।

रौडी शीटरों पर शिकंजा

पुलिस ने समय-समय पर रौडी परेड, चेतावनी और मुचलका भरवाने जैसे कदम उठाए। गंभीर अपराधियों पर गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया और 132 रौडियों को तड़ीपार किया गया। इसके बावजूद चाकूबाजी, यौन अपराध और तलवार से हमले जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।

सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम हो

लगातार बढ़ते अपराधों के बीच आम नागरिकों की मांग है कि पुलिस और प्रशासन मिलकर ठोस, दीर्घकालिक रणनीति अपनाएं, ताकि हुब्बल्ली-धारवाड़ जुड़वां में फिर से सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम हो सके।

स्थायी नियंत्रण की आवश्यकता

हाल के दिनों में महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म, बच्चों के अपहरण और हत्या जैसी गंभीर घटनाएं हुई हैं। इन पर कठोर और स्थायी नियंत्रण की आवश्यकता है।
लिंगराज धारवाड़शेट्टर, सामाजिक कार्यकर्ता

पुलिस विभाग से चर्चा की जाएगी

अपराध नियंत्रण के लिए बीट पुलिसिंग बढ़ाने और एहतियाती कदम उठाने को लेकर पुलिस विभाग के साथ चर्चा की जाएगी।
दिव्य प्रभु, जिलाधिकारी

तत्काल कार्रवाई

संभावित अपराधों को रोकने के लिए निवारक उपाय किए जा रहे हैं और जैसे ही मामला दर्ज होता है, तत्काल कार्रवाई की जाती है।
महानिंग नंदगावी, डीसीपी (कानून-व्यवस्था)

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *