कर्मचारियों और वाहनों की भारी कमी
बढ़ते अग्निकांडों से नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल
हुब्बल्ली. धारवाड़ जिला मुख्यालय सहित हुब्बल्ली शहर, ग्रामीण क्षेत्रों और औद्योगिक इलाकों में लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं के बीच अग्निशमन विभाग की बदहाल स्थिति उजागर हुई है। जिले में आग पर काबू पाने के लिए न तो पर्याप्त कर्मचारी हैं और न ही पर्याप्त अग्निशमन वाहन, जिससे आपात स्थितियों में त्वरित राहत कार्य प्रभावित हो रहा है।
तालुकों में केंद्रों की कमी
जिले के प्रत्येक तालुक में अग्निशमन केंद्र स्थापित किए जाने का प्रावधान है, लेकिन वर्तमान में सभी तालुकों में स्टेशन उपलब्ध नहीं हैं। औद्योगिक क्षेत्रों में नए अग्निशमन केंद्र खोलने की मांग लंबे समय से की जा रही है। स्थायी भवन, मूलभूत सुविधाएं और आधुनिक उपकरणों का भी अभाव है।
कर्मचारियों और वाहनों की स्थिति
धारवाड़ जिला अग्निशमन विभाग में कुल 233 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 211 पद भरे गए हैं, जबकि 22 पद रिक्त हैं। वर्तमान में जिले में 3 जिला अग्निशमन अधिकारी, 7 स्टेशन अधिकारी, 12 सहायक अधिकारी, 37 लीडिंग फायरमैन, 6 ड्राइवर-तकनीशियन, 41 फायर ड्राइवर और 127 अग्निशामक कार्यरत हैं।
जिला अग्निशमन अधिकारी गोविंदप्पा सुरनगट्टी ने बताया कि केंद्र सरकार ने 15 वर्ष पूरे कर चुके अग्निशमन वाहनों को तीन वर्ष तक उपयोग करने की अनुमति दी है। इसके तहत कुछ पुराने वाहनों की सेवा अवधि बढ़ाई गई है, लेकिन कई वाहन तकनीकी कारणों से अनुपयोगी हो चुके हैं। उदाहरण के तौर पर कुंदगोल तालुक में तीन में से केवल एक ही वाहन कार्यरत है, जिससे हाल की आग की घटनाओं में भारी परेशानी हुई।
आग की घटनाओं का आंकड़ा
पिछले दो वर्षों में जिले में 802 अग्निकांड दर्ज किए गए, जिनमें लगभग 13.61 करोड़ रुपए की संपत्ति नष्ट हुई, जबकि 127.88 करोड़ रुपए मूल्य की संपत्ति बचाई गई। वर्ष 2021 से दिसंबर 2025 तक कुल 483 करोड़ रुपए की संपत्ति की रक्षा की गई, जबकि 658 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।
ग्रामीण क्षेत्रों में गंभीर स्थिति
ग्रामीण और कृषि क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर है। हाल ही में कलघटगी तालुक में 80 से 90 एकड़ गन्ने की फसल आग में जल गई। किसानों का आरोप है कि वाहनों और कर्मचारियों की कमी के कारण समय पर मदद नहीं मिल पाती है।
सरकार से मांग
अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सरकार से नए अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने, अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति करने और स्थायी भवनों के निर्माण की मांग की है, ताकि जिले में बढ़ती आग की घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
2024-25 में जिले में हुई आग की घटनाओं की जानकारी
थाने का नाम — प्राप्त कॉल
धारवाड़ — 128
बेलूर औद्योगिक क्षेत्र — 67
हुब्बल्ली शहर — 230
हुब्बल्ली अमरगोल — 85
कलघटगी — 141
अन्निगेरी — 84
कुंदगोल — 67
रिक्त पदों की जानकारी
तालुक — रिक्त पद
धारवाड़ — 01
कलघटगी — 7 फायरमैन
अन्निगेरी — 1 (फायर सेफ्टी ऑफिसर) 7 (फायरमैन)
कुंदगोल — 4 (फायरमैन)
अग्निशमन वाहनों की जानकारी
तालुक — उपलब्ध वाहन – जरूरी वाहन — 15 वर्ष पूरा करने वाले वाहन
कलघटगी — 01 — 01 — 01
अन्निगेरी — 01 — 01 — 01
कुंदगोल — 01 — 01 — 02
धारवाड़ — 02 — 00 — 00
बेलूर औद्योगिक क्षेत्र — 01 — 01 — 00
हुब्बल्ली — 01 — 01 — 01
अमरगोल — 02 — 01 — 02

