धारवाड़ में 2.22 लाख लोग बेघर, भूखंड संकट गहराया
किसान ‘साइट शेयरिंग’ मॉडल से पीछे हटे
हुब्बल्ली. धारवाड़ जिले में अपने घर का सपना अब भी लाखों लोगों के लिए अधूरा है। सरकारी सर्वे के अनुसार, 2,22,831 लोग ऐसे हैं जिनके पास न तो स्वयं का मकान है और न ही आवासीय भूखंड। इनमें बड़ी संख्या किराए के मकानों और अस्थायी झोपडिय़ों में जीवन बिता रही है।
क्षेत्रवार स्थिति
ग्रामीण क्षेत्रों में 61,562 आवासविहीन और 15,469 भूखंडविहीन सहित कुल 76,931 लोग हैं। शहरी क्षेत्रों में 11,388 आवासविहीन और 34,412 भूखंडविहीन समेत कुल 45,800 लोगों के पास छत नहीं है।
विशेष रूप से हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम और अलनावर नगर क्षेत्र में साइट की कमी गंभीर समस्या बन गई है।
लक्ष्य अधूरा
अधिकारियों के अनुसार, 2022-23 से 2024-25 के बीच राज्य सरकार ने जिले में 22,492 मकानों के निर्माण का लक्ष्य रखा था, लेकिन अब तक केवल 13,690 मकान ही बन पाए हैं। भूखंडों की कमी सबसे बड़ी बाधा है।
किसान पीछे हटे
कर्नाटक हाउसिंग बोर्ड (केएचबी) लेआउट विकसित करने को तैयार है, लेकिन किसान ‘साइट शेयरिंग’ मॉडल पर जमीन देने को इच्छुक नहीं हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 40 प्रतिशत भूखंड किसान को और 60 प्रतिशत सरकार को देने का प्रस्ताव था, जबकि शहरी क्षेत्रों में 50 गुणा 50 अनुपात रखा गया। बावजूद इसके किसान रियल एस्टेट कारोबारियों को जमीन बेचना अधिक लाभकारी मान रहे हैं।
योजनाएं और चुनौतियां
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सामान्य वर्ग को 1.20 लाख रुपए और एससी/एसटी वर्ग को 1.50 लाख रुपए की सहायता दी जा रही है। लेकिन बढ़ती निर्माण लागत के कारण यह राशि अपर्याप्त है। राज्य सरकार इसे 4-4.5 लाख रुपए तक बढ़ाने पर विचार कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि भूखंडविहीन परिवारों के लिए ‘लैंड बैंक’ बनाना और समूह आवास योजनाओं के लिए सामूहिक भूमि खरीदना समय की मांग है।
फिलहाल धारवाड़ के सत्तूर और अत्तिकोल्ला में दो लेआउट निर्माणाधीन हैं, लेकिन मांग की तुलना में यह बेहद कम है।
दो लेआउट बन रहे हैं
हाउसिंग बोर्ड शहरों और कस्बों में लेआउट बनाने का इच्छुक है। लेकिन, साइट अलॉटमेंट के आधार पर किसान जमीन देने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। यह थोड़ी समस्या है। अभी, धारवाड़ के सत्तूर और अत्तिकोल्ला में दो लेआउट बन रहे हैं।
–नंदी, कार्यकारी अभियंता, कर्नाटक हाउसिंग बोर्ड
….
जिले में भूखंडविहीन तथा आवासविहीन आंकड़े
क्षेत्र — भूखंडविहीन — आवासविहीन
हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम — 31,086 — 5,376
अन्निगेरी — 1,323 — 1,404
अलनावर — 651 — 385
कलघटगी — 503 — 1,813
कुंदगोल — 361 — 1,623
नवलगुंद — 488 — 787
ग्रामीण क्षेत्र — 15,469 — 61,562

