नशे की हालत में हुई वारदात
यादगीर. जिले के केंबावी गांव में मामूली विवाद के चलते दो दोस्तों के बीच हुई कहासुनी ने हत्या का रूप ले लिया।
मृतक की पहचान बसनगौड़ा (30) के तौर पर की गई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों युवक टिप्पर चालक के रूप में कार्यरत थे। कामकाज से जुड़े किसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई। घटना के समय दोनों के नशे में होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि मामूली कहासुनी धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान बसनगौड़ा पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक पृथ्विक शंकर ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपी बसनगौड़ा तालिकोटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह वारदात सुरपुर तालुक के अंतर्गत केंबावी थाना क्षेत्र में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि साथ काम करने वाले दो मित्रों के बीच इस प्रकार की दुखद घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। उन्होंने इसे शराब के नशे में बढ़ते झगड़ों के गंभीर परिणाम का उदाहरण बताया।
