मेंगलूरु सहित दक्षिण कन्नड़ में विशेष व्यवस्था
स्कूलों में जागरूकता अभियान शुरू
मेंगलुरु. दक्षिण कन्नड़ जिले में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। हाल ही में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। संभावित हीट वेव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले के विभिन्न अस्पतालों में विशेष व्यवस्था की है।
मेंगलूरु के वेनलॉक अस्पताल में 5 बिस्तरों वाला विशेष वार्ड तैयार किया गया है। वहीं बेल्तंगडी, सुल्या, पुत्तूर और बंटवाल के तालुक अस्पतालों में दो-दो बेड के विशेष कक्ष बनाए गए हैं। इन कक्षों में दवाइयों, एसी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि हीट स्ट्रोक के मरीजों का तुरंत उपचार किया जा सके।
स्कूलों में जागरूकता पर जोर
जिला स्वास्थ्य विभाग ने शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर स्कूल और कॉलेजों में छात्रों को हीट वेव से बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। खासकर बच्चों पर गर्मी का असर अधिक होने की आशंका जताई गई है।
बच्चों पर विशेष निगरानी जरूरी
अत्यधिक गर्मी से बच्चों में बेहोशी, मांसपेशियों में ऐंठन, सिरदर्द, चक्कर, उल्टी, कमजोरी और शरीर का तापमान 40.5 डिग्री से ऊपर जाने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे में तुरंत प्राथमिक उपचार और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जरूरी है।
बचाव के उपाय
दोपहर में भारी काम से बचें
अधिक मात्रा में पानी पिएं
ज्यादा मीठे व कार्बोनेटेड पेय से परहेज करें
हल्के रंग के कपड़े पहनें
बाहर काम करते समय बीच-बीच में आराम करें
प्राथमिक उपचार
मरीज को ठंडी जगह पर लिटाएं
गीले कपड़े से शरीर पोंछें
पानी पिलाते रहें (यदि होश में हो)
स्थिति गंभीर हो तो तुरंत अस्पताल पहुंचाएं
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बढ़ती गर्मी को हल्के में न लें और समय रहते सावधानी बरतें, ताकि हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति से बचा जा सके।

