कर्नाटक तट से तमिलनाडु को सीधा कनेक्शन
केंद्र सरकार की सौगात, मेंगलूरु-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस शुरू होगी
रेल मंत्रालय ने तमिलनाडु के लिए 4 नई ट्रेन सेवाओं की घोषणा की
मेंगलूरु. रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने मेंगलूरु और तमिलनाडु के तिरुनेलवेली के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने का फैसला किया है। इस नई सेवा से कर्नाटक के तटीय क्षेत्र और तमिलनाडु के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दक्षिण भारत के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए तमिलनाडु के लिए नई रेल सेवाओं और कई स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव को मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्री आर मुरुगन के अनुरोध पर यात्रियों की सुविधा के लिए यह कदम उठाया गया है। कुल चार नई ट्रेनों की घोषणा की गई है, जिनमें मेंगलूरु-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस भी शामिल है।
मेंगलूरु को लगातार मिल रही नई ट्रेनें
पिछले दो-तीन महीनों में मेंगलूरु के लिए कई नई ट्रेन सेवाओं की घोषणा की गई है। हाल ही में तमिलनाडु के नागरकोइल और मेंगलूरु के बीच अमृत भारत ट्रेन सेवा शुरू की गई थी। इसके बाद चेन्नई के तांबरम और मेंगलूरु के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस तथा रामेश्वरम-मेंगलूरु एक्सप्रेस भी शुरू की गई। अब मेंगलूरु-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस शुरू होने से यात्रियों को एक और सुविधा मिलने जा रही है।
नई घोषित ट्रेनें
रेलवे द्वारा घोषित चार नई सेवाएं इस प्रकार हैं
मेंगलूरु-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस (16707/16708): कर्नाटक तटीय क्षेत्र और तमिलनाडु के बीच नई एक्सप्रेस सेवा।
पोतनूर (कोयंबटूर)-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस (16619/16620): आधुनिक सुविधाओं वाली ट्रेन तमिलनाडु और झारखंड को जोड़ेगी।
पालक्काड-पोल्लाची मेमू (66623/66624): स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए।
मायलाडुतुरै-कारैक्कुडी पैसेंजर (56835/56836): क्षेत्रीय यात्रियों के लिए नई सेवा।
कुछ ट्रेनों को नए ठहराव
मेंगलूरु सेंट्रल-रामेश्वरम एक्सप्रेस (16621/16622) अब तिरूर, उडुमलपेट्टई और परमकुडी स्टेशनों पर भी रुकेगी।
तांबरम-रामेश्वरम एक्सप्रेस (16103/16104) को पनरुति स्टेशन पर नया ठहराव दिया गया है।
रेल मंत्रालय का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और भीड़ कम करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। नई ट्रेन सेवाएं मार्च के तीसरे सप्ताह से शुरू होने की संभावना है।

