सुल्या केंद्र बनेगा संचालन स्थल
28 सदस्यीय दल करेगा निगरानी
सुल्या (दक्षिण कन्नड़). दक्षिण कन्नड़ जिले में लगातार बढ़ते हाथियों के उपद्रव को देखते हुए सरकार ने मेंगलूरु वन विभाग के लिए विशेष हाथी कार्यबल (हाथी टास्क फोर्स) गठित करने का आदेश जारी किया है।
उप्पिनंगडी, सुल्या, बेल्थंगडी, पुत्तूर, पंज और सुब्रह्मण्य क्षेत्रों में हाल के वर्षों में हाथियों द्वारा फसलों को नुकसान और मानव-मृत्यु की घटनाएं बढ़ी हैं। अब तक इन्हें नियंत्रित करने के लिए मडिकेरी से टीम बुलानी पड़ती थी, जिससे कार्रवाई में देरी होती थी।
प्रधान मुख्य वन संरक्षण अधिकारी की सिफारिश पर सरकार ने नया कार्यबल मंजूर किया है। इसमें कुल 28 सदस्य होंगे – एक उपवन अधिकारी, दो गश्ती वनपाल और 25 अनुबंधित वाहन चालक/कर्मचारी। इसका मुख्यालय सुल्या में होगा और यह मेंगलूरु उपवन संरक्षण अधिकारी के निर्देशन में काम करेगा।
कार्यबल का दायित्व होगा कि हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखे, गांवों और कृषि क्षेत्रों में पहुंचने पर तुरंत उन्हें जंगल की ओर खदेले, ग्रामीणों को समय पर जानकारी दे और जनजागरूकता फैलाए। आदेश में यह भी कहा गया है कि सुल्या केंद्र में एक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया जाए और उसका दूरभाष नंबर जनता को उपलब्ध कराया जाए।

