शिरहट्टी में जर्जर सड़कों से जनजीवन बेहालशिरहट्टी तालुक के नागरमडवु गांव से बालेहोसूर को जोड़ने सड़क की खस्ताहाल।

ओवरलोड डम्परों की आवाजाही से हालत बदतर

बस सेवाएं प्रभावित, जनता में आक्रोश

गदग. राज्य के पिछड़े तालुकों में गिने जाने वाले शिरहट्टी में सडक़ व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। ग्रामीण और मुख्य सडक़ों की खराब हालत के कारण लोग रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। तालुक की अधिकांश सडक़ें गड्ढों से भरी पड़ी हैं, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो गया है।

हेब्बाल-होलेइटगी, कनकवाड़-वडवी, हेब्बाल-चवडाल, हेब्बाल-सासलवाड़, गोवनकोप्पा-वडवी, तोलली-कल्लागनूर सहित कई प्रमुख ग्रामीण मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। वहीं शेट्टीकेरी से शिरहट्टी, परसापुर से चेन्नपट्टन और होललापुर से मागडी को जोडऩे वाली सडक़ें भी बदहाल हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्र में अवैध रेत खनन और क्रशर गतिविधियों के कारण ओवरलोड डम्परों की 24 घंटे आवाजाही जारी है। एम-सैंड, गिट्टी और रेत से लदे भारी वाहन सडक़ों को तेजी से नुकसान पहुंचा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमों का खुला उल्लंघन हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

सडक़ों की खराब स्थिति का असर सार्वजनिक परिवहन पर भी पड़ा है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में बस सेवाएं लगभग बंद हो गई हैं। परिवहन विभाग के कर्मचारी खराब सडक़ों पर बस चलाने से बच रहे हैं, जिससे छात्रों और ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी बसवराज का कहना है कि होललापुर से मागडी तक सडक़ इतनी खराब है कि केएसआरटीसी की बसें गांव तक नहीं आतीं।
हेब्बाल की मल्लम्मा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने आते हैं, लेकिन गांव की सडक़ों की सुध नहीं लेते।

आरटीओ अधिकारियों पर भी लापरवाही के आरोप लगे हैं। लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ न तो कोई कार्रवाई होती है और न ही जुर्माना लगाया जाता है, जिससे सरकारी राजस्व का भी नुकसान हो रहा है।

ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि मानसून से पहले सडक़ों की मरम्मत के लिए तत्काल धन जारी किया जाए, अन्यथा स्थिति और भयावह हो सकती है।

तहसीलदार के. राघवेंद्र राव ने कहा कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश पुलिस और आरटीओ को दिए गए हैं। नियमित जांच कर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *