विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर ने आरोपी की पहचान कर सख्त कार्रवाई के निर्देश
अफवाहों से बचने की अपील
मेंगलूरु. उल्लाल स्थित एक मस्जिद के सामने बम विस्फोट करने की धमकी सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया है। इस मामले में कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर ने पुलिस को आरोपी की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
खादर ने शहर के पुलिस आयुक्त सुधीर रेड्डी से दूरभाष (फोन) पर बातचीत कर मामले को गंभीरता से लेने को कहा। उन्होंने कहा कि उल्लाल में सभी धर्मों के लोग सौहार्दपूर्वक सहअस्तित्व में रहते हैं और इस प्रकार की धमकी भरी पोस्ट सामाजिक सद्भाव बिगाडऩे का प्रयास है। पुलिस विभाग को इसे गंभीरता से लेकर दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट
मस्जिद के सामने बम विस्फोट की धमकी देने वाली पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिससे पूरे जिले में असमंजस और चिंता की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर उल्लाल थाने में एफआईआर दर्ज की गई है तथा धमकी भरी पोस्ट साझा करने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

