शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश
कमलापुर के पास सुनसान इलाके में वारदात
पुलिस ने बनाई विशेष टीम
कलबुर्गी. जिले में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका की बेरहमी से हत्या कर शव को जलाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। कमलापुर थाना क्षेत्र के कल्मूड गांव के पास हुई इस वारदात ने पूरे राज्य में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
सुनसान रास्ते पर रोका, फिर की हत्या
मृतका की पहचान कलबुर्गी शहर के आनंद कॉलोनी की निवासी ज्योति कपाले हिरेमठ (57) के तौर पर की गई है। वह बीदर जिले के भाल्की तालुक के वंजरखेड़ गांव स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षिका के तौर पर कार्यरत थीं।
पुलिस के अनुसार, ज्योति हर सप्ताह अपने कार्यस्थल से कलबुर्गी आती-जाती थीं। इसी दौरान कल्मूड गांव के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोककर धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी।
शव को जलाकर सबूत मिटाने की साजिश
हत्या के बाद आरोपियों ने करीब पांच लीटर पेट्रोल डालकर शव को आग के हवाले कर दिया, जिससे पहचान छिपाने की कोशिश की गई। प्रारंभ में पुलिस ने इसे अज्ञात शव मानकर मामला दर्ज किया, लेकिन जांच के दौरान मृतका की पहचान स्थापित कर ली गई।
जांच में जुटी पुलिस, कई पहलुओं पर पड़ताल
कमलापुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह बेहद गंभीर और सुनियोजित अपराध प्रतीत होता है। हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक और आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने भी इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

