रोजगारार्थियों के प्रदर्शन के वीडियो पर आपत्तिजनक पोस्ट
साइबर ठगी और जेल परिसर में मादक पदार्थ फेंकने के मामले भी दर्ज
हुब्बल्ली. धारवाड़ में हाल ही में हुए रोजगारार्थियों के प्रदर्शन से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर भडक़ाऊ और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाले 30 से अधिक खाताधारकों के खिलाफ हुब्बल्ली शहर के विभिन्न पुलिस थानों में मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ लोगों ने प्रदर्शन के वीडियो क्लिप साझा किए थे। इन पोस्टों पर कुछ उपयोगकर्ताओं ने राज्य सरकार, मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कीं, जबकि कुछ ने नेपाल में हुए दंगों की तरह यहां भी दंगे भडक़ाने जैसी उकसाने वाली टिप्पणियां कीं।
पुलिस ने बताया कि समाज में वैमनस्य और अशांति फैलाने वाले पोस्ट और टिप्पणियां करने वालों के सोशल मीडिया खातों की जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
मादक पदार्थ से भरा पैकेट फेंकने का मामला
हुब्बल्ली के विश्वेश्वर नगर स्थित उपकारागार परिसर में प्रतिबंधित मादक पदार्थ से भरा एक पैकेट फेंके जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अशोक नगर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। कारागार अधीक्षक शहाबुद्दीन कालेखान ने शिकायत में बताया कि कुछ लोगों ने नृपतुंग बेट्टा पहाड़ी की ओर जाने वाले मार्ग से प्लास्टिक में लपेटकर मादक पदार्थ का पैकेट जेल की बैरक नंबर-9 के पीछे फेंक दिया।
एक अन्य घटना में तीन युवकों पर जेल के मुख्य द्वार के पास पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार कर ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार ये युवक गांजा लेकर बेचने आए थे और जांच के दौरान विवाद हो गया। आरोपी भागते समय अपना मोबाइल फोन वहीं छोडक़र फरार हो गए।
फ्रेंचाइजी देने के नाम पर ऑनलाइन ठगी
फ्रेंचाइजी देने के नाम पर ऑनलाइन ठगी का मामला भी सामने आया है। शहर की प्रीति एस. को कॉल सेंटर में 40 लोगों को रोजगार देने वाली फ्रेंचाइजी का लालच देकर ठगों ने 5 लाख रुपए की ठगी कर ली। शिकायत के अनुसार ठगों ने खुद को पुणे निवासी हरकीत सिंह, आकृति जैन, हिताक्षी शिरोही, संतोष चंद्रगिरी और विक्रम बताकर फेसबुक, व्हाट्सऐप और ई-मेल के जरिए संपर्क किया था। इस मामले में हुब्बल्ली साइबर क्राइम पुलिस थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
