सुव्यवस्थित आयोजन के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
विजयपुर. संक्रांति जत्रा के उपलक्ष्य में शहर के तोरवी क्षेत्र में आयोजित मवेशी मेला स्थल का बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आनंद के. ने दौरा कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेला के सुचारु और व्यवस्थित संचालन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सलाह व निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेला में आने वाले पशुपालकों और व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई मूलभूत व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मेला स्थल तक पहुंचने के लिए सुगम सडक़ एवं परिवहन व्यवस्था, मवेशियों के लिए पीने के पानी की उपलब्धता, तथा पशु चिकित्सकों द्वारा बरती जा रही सावधानियों के बारे में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
डॉ. आनंद के. ने निर्देश दिए कि मेले के दौरान एम्बुलेंस, चिकित्सा सुविधा सहित किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखनी चाहिए। साथ ही मवेशी मेला को पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने मेले के अंतर्गत आयोजित की जा रही मवेशी पुरस्कार चयन प्रक्रिया को निर्धारित मानदंडों के अनुसार पारदर्शी ढंग से संपन्न करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर कृषि उपज मंडी समिति के सचिव अल्लाबख्श बिजापुर ने जानकारी दी कि इस वर्ष मेला में लगभग 5,000 मवेशियों का आगमन हुआ है, जिनमें से अब तक 1,500 मवेशियों की बिक्री हो चुकी है। उन्होंने पुरस्कार वितरण से संबंधित विवरण भी अधिकारियों के समक्ष रखा।
निरीक्षण के दौरान पशुपालन विभाग के उप निदेशक अशोक गोनसगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए मेले को सफल बनाने के निर्देश दिए।

