क्रिसमस-न्यू ईयर पर चिक्कमगलूरु में हेलि टूरिज्म की सौगातचिक्कमगलूरु।

मुल्लय्यनगिरी, बाबा बुडनगिरी और पश्चिमी घाट का हवाई दीदार

18 दिनों तक हेलिकॉप्टर पर्यटन

चिक्कमगलूरु. क्रिसमस और नववर्ष के अवसर पर पर्यटकों के लिए चिक्कमगलूरु जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है। जिले की प्राकृतिक सुंदरता को हवाई नजारे (एरियल व्यू) से दिखाने के उद्देश्य से 18 दिनों का हेलि टूरिज्म शुरू किया जा रहा है। इस योजना के तहत पर्यटक मुल्लय्यनगिरी सहित जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों का पक्षी दृष्टि से दर्शन कर सकेंगे।

20 दिसंबर से शुरुआत

जिला प्रशासन ने बताया कि हेलि टूरिज्म की शुरुआत 20 दिसंबर से होगी। ऑनलाइन बुकिंग पहले ही आरंभ हो चुकी है और प्रतिदिन अधिकतम 156 पर्यटकों को ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी। पहले बुकिंग करने वालों को प्राथमिकता मिलेगी। इसके लिए जिले के चिक्कमगलूरु, मूडिगेरे और कलसा में हेलिपैड बनाए गए हैं।

यात्रा कार्यक्रम

20 दिसंबर – मूडिगेरे
21-22 दिसंबर – चिक्कमगलूरु
23 दिसंबर – मूडिगेरे
24 दिसंबर – चिक्कमगलूरु
25 दिसंबर – कलसा
26 दिसंबर से 6 जनवरी – चिक्कमगलूरु

दृश्यावलोकन

इस दौरान पर्यटक कर्नाटक की सबसे ऊंची चोटी मुल्लय्यनगिरी, पश्चिमी घाट की पर्वत शृंखलाएं, बाबा बुडनगिरी पहाडिय़ां, कॉफी बागान, घाटियां और झीलों के मनोहारी दृश्य देख सकेंगे।

मूडिगेरे सेक्टर में: कॉफी बागान, वन क्षेत्र, ग्रामीण जीवन, कुदरेमुख राष्ट्रीय उद्यान और बाबा बुडनगिरी क्षेत्र की पर्वत शृंखलाओं का नजारा मिलेगा।

कलसा सेक्टर में: कस्बा, नदियां, घाटियां, आसपास की पहाडिय़ां, कलसा-कुदरेमुख क्षेत्र के जलप्रपात और पश्चिमी घाट के मनोरम दृश्य दिखेंगे।

शुल्क व समय

प्रति यात्री शुल्क 4500 रुपए निर्धारित किया गया है। हेलिकॉप्टर उड़ान की अवधि 6 मिनट होगी। उड़ानें सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगी।

सुरक्षा और पर्यावरण पर ध्यान

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उड़ानें केवल स्वीकृत मार्गों पर ही संचालित होंगी ताकि मौसम और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बुकिंग और जानकारी

ऑनलाइन बुकिंग के लिए वेबसाइट https://helitaxii.com/bookwithus?tab=UACS उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए जिला पर्यटन समिति के नागराज चिट्टी (मोबाइल संख्या- 7892886875) से संपर्क किया जा सकता है।

पर्यटन को नया आयाम

जिला पर्यटन समिति के अनुसार, त्योहारों के मौसम में पर्यटकों को आकर्षित कर चिक्कमगलूरु पर्यटन को नया आयाम देने के उद्देश्य से हेलि टूरिज्म का आयोजन किया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से जिले की पहचान और अधिक सुदृढ़ होगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा।

हेलिटूरिज्म और हॉट एयर बैलून की तैयारी

पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली जिला पर्यटन विकास समिति ने जिले के तीन तालुक केंद्रों में हेलिटूरिज्म शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं। हेलिटूरिज्म के साथ-साथ हॉट एयर बैलून फ्लाइट्स शुरू करने की भी योजना है। इसके लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान की जा रही है, ताकि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पर्यटकों को रोमांचक अनुभव दिया जा सके।
लोहित, अधिकारी, पर्यटन विभाग

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *