लकड़ी महंगी होने से बढ़ी मुश्किलें
दो सप्ताह से सिलेंडर की कमी; 40 प्रतिशत होटल बंद
बचे हुए में सीमित भोजन—डीप फ्राई आइटम बंद
चित्रदुर्ग. कर्नाटक के चित्रदुर्ग में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की भारी कमी के चलते हाईवे किनारे स्थित होटल संचालक गंभीर संकट में हैं। पिछले दो सप्ताह से सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने के कारण कई होटल मालिकों ने होटल बंद करने का निर्णय लिया है। शहर में करीब 40 प्रतिशत होटल पहले ही बंद हो चुके हैं।
शुरुआत में होटल संचालकों ने उपलब्ध सिलेंडरों से काम चलाया, लेकिन बाद में सीमित आपूर्ति के कारण उन्होंने लकड़ी का सहारा लिया। अब लकड़ी की कीमत भी बढक़र 10 किलो के लिए 50 से 70 रुपए हो गई है, जिससे लागत और बढ़ गई है।
न्यू बायपास स्थित एक होटल के प्रबंधक महेंद्र ने बताया कि पहले जरूरत का करीब 40 प्रतिशत एलपीजी मिल रहा था, लेकिन अब यह घटकर 20 प्रतिशत रह गया है। अगर यही स्थिति रही तो हमें होटल पूरी तरह बंद करना पड़ेगा।
होटल संचालकों का कहना है कि वे भोजन की कीमत बढ़ाने की स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में लागत और आय के बीच संतुलन बिगड़ गया है। कई होटलों ने डीप फ्राई आइटम जैसे वड़ा, बोंडा और चाइनीज व्यंजन बनाना बंद कर दिया है।
गुरुप्रसाद होटल के किचन प्रभारी राजु ने कहा कि साउथ और नॉर्थ इंडियन भोजन किसी तरह बना रहे हैं, लेकिन तुरंत तैयार होने वाले और डीप फ्राई आइटम बनाना संभव नहीं है।
पुराने बायपास स्थित एक अन्य होटल संचालक ने बताया कि अब वे केवल सीमित दक्षिण भारतीय व्यंजन लकड़ी के चूल्हे पर बनाकर बेच रहे हैं, जबकि गैस आधारित व्यंजन लगभग बंद कर दिए गए हैं।
शहर में खुले हुए कुछ होटलों में भी केवल कॉफी, चाय, दही-चावल, फ्राइड राइस और सांभर-चावल जैसे सीमित विकल्प ही मिल रहे हैं। चाय भी मांग के अनुसार ही बनाई जा रही है।
चित्रदुर्ग, जो विभिन्न क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए प्रमुख ठहराव माना जाता है, वहां भोजन की उपलब्धता सीमित होने से यात्रियों को भी परेशानी हो रही है। यात्रियों का कहना है कि हाईवे होटल उनकी यात्रा का अहम हिस्सा हैं, ऐसे में सरकार को कम से कम इन होटलों के लिए एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए।
होटल मालिकों और यात्रियों ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर सिलेंडर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि स्थिति सामान्य हो सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

