दक्षिण में फिर कांग्रेस की जीत का दावापत्रकारों से बातचीत करते हुए दावणगेरे दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार समर्थ शामनूर।

दावणगेरे उपचुनाव: युवा उम्मीदवार समर्थ शामनूर मैदान में

4.25 करोड़ रुपए संपत्ति घोषित

दावणगेरे. दावणगेरे दक्षिण विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म होता जा रहा है। कांग्रेस उम्मीदवार समर्थ शामनूर ने विश्वास जताया है कि जैसे हर बार जीत मिली है, इस बार भी दक्षिण क्षेत्र में कांग्रेस जीत हासिल करेगी।

शहर की अधिष्ठात्री दुग्गम्मा देवी के दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में समर्थ ने कहा कि उन्हें पार्टी द्वारा आधिकारिक रूप से टिकट मिलने की जानकारी कार्यकर्ताओं से मिली, जिससे वे बेहद उत्साहित हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार उनके लिए नया नहीं है, बल्कि “हमने तो जन्म से ही लोगों के बीच रहकर प्रचार किया है।” लोकसभा चुनाव के दौरान अपनी मां के लिए किए गए प्रचार का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने नंगे पांव प्रचार किया था। यह उनका और भगवान के बीच का संकल्प है।

क्षेत्र में असंतोष के सवाल पर समर्थ ने कहा कि हर चुनाव में कुछ नाराजगी स्वाभाविक होती है, लेकिन जल्द ही सभी को साथ लेकर चलेंगे। विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदाय के साथ उनके परिवार के लंबे समय से अच्छे संबंध रहे हैं, जिन्हें और मजबूत किया जाएगा।

4.25 करोड़ की संपत्ति घोषित

27 वर्षीय युवा उद्यमी समर्थ शामनूर, वरिष्ठ नेता शामनूर शिवशंकरप्पा के पोते और मंत्री एस.एस. मल्लिकार्जुन के पुत्र हैं। उन्होंने नामांकन के साथ दाखिल हलफनामे में 4.25 करोड़ रुपए से अधिक की कुल संपत्ति घोषित की है।

हलफनामे के अनुसार, उनके पास 2.17 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 2.08 करोड़ रुपए की स्थिर संपत्ति है, जिसमें दावणगेरे तालुक के आनेकोंडा और बेतूर गांवों में 6 एकड़ 14 गुंटे कृषि भूमि शामिल है। इसके अलावा 8.35 लाख रुपए नकद, बैंक निवेश और 14.45 लाख रुपए के आभूषण भी उनके पास हैं।

3.52 करोड़ रुपए का कर्ज, कोई आपराधिक मामला नहीं

समर्थ ने 3.52 करोड़ रुपए की देनदारियां भी घोषित की हैं। वर्ष 2024-25 के आयकर रिटर्न में उन्होंने 96.05 लाख रुपए वार्षिक आय दर्शाई है। उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

युवा चेहरे के रूप में मैदान में उतरे समर्थ शामनूर पर कांग्रेस ने बड़ा दांव खेला है, अब देखना होगा कि यह भरोसा चुनावी नतीजों में कितना सफल होता है।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *