मंत्री आरबी तिम्मापुर ने भाजपा पर साधा निशाना
हुब्बल्ली. आबकारी मंत्री आरबी तिम्मापुर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश बनाने का काम किया है, परन्तु उनकी तरह धर्मों और जातियों के बीच कलह और नफरत पैदा करने का काम नहीं किया है।
शहर में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए तिम्मापुर ने कहा कि सांसद डीके सुरेश के बयान को भाजपा ने तोड़-मरोडकऱ पेश किया है। उन्होंने इस चिंता के साथ बयान दिया है कि अगर केंद्र सरकार की ओर से इसी तरह का अन्याय जारी रहा तो लोग अलग देश की मांग कर सकते हैं। ऐसा नहीं हो इसके लिए सतर्कता बरतनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र से राज्य को मिलने वाला अनुदान, सूखा राहत और टैक्स का वितरण नहीं किया जा रहा है। सूखे की मार से किसान बेहाल हैं। सूखा राहत नहीं मिल रहा है। हम अपना हिस्सा देने को कह रहे हैं, भीख नहीं मांग रहे हैं। भाजपा नेताओं को देश व प्रदेश का विकास नहीं चाहिए। किसी भी बयान को तोड़-मरोड़ कर हंगामा और शोरशराबा खड़ा कर लोगों को गुमराह करने का काम करते हैं। कांग्रेस वह पार्टी है जिसने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। इनकी तरह चुनाव के संदर्भ में जाति और धर्म के बीच सांप्रदायिक भावनाएं भडक़ाकर राजनीतिक रोटियां सेंकने वाली पार्टी नहीं है।
तिम्मापुर ने भाजपा पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में पांच गारंटी लागू होने के कारण लोग ऐसे सूखे में भी अपना जीवन यापन कर रहे हैं। ये योजनाएं पर्याप्त रूप से लोगों तक सीधे पहुंच रही हैं। भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। इसलिए भाजपा नेता आरोप लगा रहे हैं। गारंटी योजनाओं पर लोग आपत्ति करते हैं तो मात्र यह सच है। वे सिर्फ इसलिए झूठ फैला रहे हैं ताकि मजबूत सरकार को गिराना चाहते हैं। उन्हें राज्य में कभी बहुमत नहीं दिया गया है। सरकारें गिराकर विधायकों को खरीदकर सत्ता हसिल की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रवैया पहले से ही तानाशाही वाला है। दोबारा चुने जाने पर यह और भी बढ़ेगा। इस संबंध में एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का बयान सही है। पक्ष और विपक्ष हो तो ही लोकतंत्र है। वे इस व्यवस्था को दबा कर तानाशाही रवैया अपनाने लगे हैं।
