सिद्धरामय्या का दावा
दावणगेरे-बागलकोट सीटों पर स्पष्ट बढ़त का भरोसा
असंतोष सुलझाने का आश्वासन
दावणगेरे. कर्नाटक के दावणगेरे और बागलकोट विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बीच मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने विश्वास जताया है कि दोनों ही सीटों पर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है।
एमबीए हेलीपैड पर पत्रकारों से बातचीत में सिद्धरामय्या ने कहा कि पांच राज्यों के चुनावों के साथ हो रहे इन उपचुनावों में कांग्रेस को स्पष्ट बढ़त मिलेगी। उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि दावणगेरे और बागलकोट दोनों जगह कांग्रेस जीत हासिल करेगी।
टिकट को लेकर असंतोष, सुलह के प्रयास
सीएम ने पार्टी के भीतर टिकट वितरण को लेकर कुछ असंतोष होने की बात स्वीकार की। उन्होंने कहा कि टिकट नहीं मिलने पर दावेदारों में नाराजगी स्वाभाविक है। दावणगेरे में अल्पसंख्यकों और बागलकोट में कुछ नेताओं में असंतोष है, लेकिन हम सभी को साथ लेकर पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में काम करने के लिए तैयार करेंगे।
भाजपा पर पलटवार
भाजपा की ओर से उपचुनाव परिणाम को 2028 के चुनाव का संकेत बताए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए सिद्धरामय्या ने कहा कि रामनगर और शिग्गांव उपचुनाव में भाजपा अपने उम्मीदवारों को ही नहीं जिता सकी। वे केवल बयानबाजी कर रहे हैं। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस की जीत तय है।
गारंटी योजनाओं पर भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की पांच गारंटी योजनाओं ने जनता में विश्वास पैदा किया है। दलित, पिछड़े, गरीब और अल्पसंख्यक वर्ग कांग्रेस के साथ हैं। हमने जो कहा, उसे पूरा किया है। यही हमारी जीत की सबसे बड़ी ताकत है।

