यात्रियों और व्यापारियों को मिलेगी सुविधा
हावेरी. जिले के शिग्गावी तहसील में बंकापुर से मुंडगोड़-कारवार मार्ग होकर गोवा राज्य तक राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की योजना पर विचार शुरू हो गया है। वर्तमान में दक्षिण कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु से आने वाले यात्री हुब्बल्ली-धारवाड़ मार्ग से ही गोवा पहुंचते हैं, जो अधिक लंबा है।
यदि बंकापुर मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग बन जाता है, तो वाहन समय और दूरी दोनों की बचत करेंगे। बाइक यात्री इस मार्ग को पहले से पसंद कर रहे हैं, क्योंकि इससे लगभग 60 किमी की दूरी कम होती है और कई घाट मार्ग भी नहीं आते।
यह मार्ग न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगा, बल्कि हावेरी जिले में उगाए जाने वाले सब्जी, फूल, फल और अन्य कृषि उत्पादों की गोवा में निर्यात में भी मदद करेगा।
स्थानीय लोग आशा जता रहे हैं कि यह मार्ग आर्थिक और पर्यटन दृष्टि से क्षेत्र के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
शिग्गावी विधायक यासीर अहमद खान पठान ने बताया कि सांसद प्रल्हाद जोशी के पास इस मार्ग के निर्माण की मांग पेश की गई है। उन्होंने कहा कि कोणनकेरे से सीमा तक सडक़ सुधार के लिए विशेष अनुदान जारी किया गया है और केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने पर राष्ट्रीय राजमार्ग जल्द ही बन सकता है।

