मंत्री खंड्रे ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
बीदर. जिला प्रभारी मंत्री ईश्वर बी. खंड्रे ने बीदर में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि लगातार और भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि औराद, कमलनगर और भालकी तालुकों के कई गांवों का सडक़ संपर्क टूट गया है और बस सेवा बाधित है। इंजीनियरों को व्यक्तिगत रूप से घटनास्थल पर जाकर निरीक्षण करने और अस्थायी मरम्मत कराने को कहा है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि बरसात समाप्त होते ही अक्टूबर माह से स्थायी मरम्मत कार्य शुरू करना चाहिए।
उन्होंने जोर दिया कि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के तहत नुकसान का आकलन कर किसानों एवं प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देना चाहिए।
स्कूल और आंगनवाड़ी पर विशेष ध्यान
भालकी तालुक के कुछ स्कूलों में पानी भर जाने से पढ़ाई ठप हो गई है।
मंत्री ने आदेश दिया कि स्कूलों से पानी तुरंत निकाला जाए और जीर्ण-शीर्ण भवनों को तोडक़र नए भवन बनाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी सरकारी स्कूल या आंगनवाड़ी भवन में आपदा हुई तो संबंधित अधिकारी (बीईओ व डीडीपीआई) जिम्मेदार होंगे।
स्वास्थ्य विभाग को सतर्कता बरतने के निर्देश
मंत्री ने कहा कि भारी बारिश के बाद संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को आवश्यक दवाइयों व आपातकालीन चिकित्सा की व्यवस्था करनी चाहिए।
ग्राम और तालुक स्तर के सभी अधिकारी तथा स्वास्थ्य अधिकारी अपने-अपने मुख्यालयों में रात्रि विश्राम करें, ताकि जरूरत पडऩे पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सके।
इस बैठक में नगर प्रशासन मंत्री रहीम खान, जिलाधिकारी शिल्पा शर्मा, जिला पंचायत सीईओ डॉ. गिरीश बडोले, एसपी प्रदीप गुंती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

