ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ी
तापमान 35 डिग्री पार, नारियल पानी और तरबूज के दाम में उछाल
दोपहर में सडक़ों पर सन्नाटा
हुब्बल्ली. हुब्बल्ली-धारवाड़ जुड़वां शहरों में दिन-ब-दिन बढ़ती गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। अप्रेल महीने के साथ ही तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। तेज धूप और उमस के कारण लोग घरों से बाहर निकलने में हिचकिचा रहे हैं।
दोपहर में सडक़ों पर सन्नाटा
दोपहर के समय गर्मी का प्रकोप इतना अधिक होता है कि बाजारों और सडक़ों पर लोगों की आवाजाही कम हो जाती है। जरूरी काम होने पर ही लोग बाहर निकल रहे हैं, जबकि कई लोग सुबह और शाम के समय ही अपने काम निपटाना पसंद कर रहे हैं।
ठंडे पेय पदार्थों की बढ़ी मांग
भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग नारियल पानी, गन्ने का रस, म_ा, ठंडे पेय और तरबूज जैसे पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। धारवाड़ शहर के एलआईसी कार्यालय के सामने, केसीडी सर्कल, सप्तापुर, जुबली सर्कल, कोर्ट सर्कल, सीबीटी, नए बस स्टैंड, दासनकोप्पा सर्कल और पी.बी. रोड के विभिन्न हिस्सों में इन वस्तुओं की बिक्री में तेजी आई है।
कीमतों में भी हुआ इजाफा
मांग बढऩे के साथ ही इन वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। पिछले महीने तक नारियल पानी 30 से 35 रुपए में मिल रहा था, जो अब 40 से 50 रुपए तक पहुंच गया है। वहीं, तरबूज की कीमत लगभग 30 रुपए प्रति किलो बनी हुई है।
गर्मी से बचाव के उपाय
तेज धूप से बचने के लिए महिलाएं और बुजुर्ग छाता लेकर निकल रहे हैं। इसके अलावा, लोग स्विमिंग पूल, तालाब और कुओं में जाकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।
व्यापारियों को हो रहा लाभ
स्थानीय नारियल पानी विक्रेता संगमेश ने बताया कि वे पिछले 10 वर्षों से यह व्यवसाय कर रहे हैं। वे मंड्या और मद्दूूर से नारियल मंगवाते हैं। मार्च और अप्रेल में व्यापार अच्छा चलता है, खासकर दोपहर के समय ग्राहकों की संख्या अधिक रहती है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

