हादसे में दो युवकों की मौत
हुब्बल्ली-धारवाड़ में फाइबर ऑप्टिक तारों की लापरवाही उजागर
अवैध कनेक्शन और ढीले केबलों से बढ़ा खतरा
हुब्बल्ली. हुब्बल्ली-धारवाड़ जुड़वां शहरों में सडक़ों पर लटकते फाइबर ऑप्टिक केबल अब जानलेवा साबित हो रहे हैं। शहर की मुख्य सडक़ों और आंतरिक मार्गों पर बिजली के खंभों और पेड़ों से बंधे निजी और सरकारी संस्थाओं के केबल कई स्थानों पर टूटकर लटक रहे हैं, जिससे पैदल यात्रियों और वाहन चालकों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
सोमवार देर रात गोकुल रोड स्थित लीलावती होटल के पास हुए दर्दनाक हादसे ने इस लापरवाही को उजागर कर दिया। यहां सडक़ पर लटक रहे इंटरनेट केबल के बाइक से टकराने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सडक़ विभाजक से जा टकराई। हादसे में ताजनगर निवासी मुहम्मद मोइज मुल्ला (23) और फैयाज भगवान (17) की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने केबल ऑपरेटरों की लापरवाही को हादसे का कारण मानते हुए गोकुल रोड थाना में मामला दर्ज किया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही और अनियंत्रित केबल बिछाने की समस्या पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
शहर के गोकुल रोड, हुब्बल्ली-धारवाड़ मुख्य मार्ग, केश्वापुर रोड और गदग रोड सहित कई इलाकों में बिजली के खंभों और पेड़ों के बीच केबल लटकना आम दृश्य बन गया है। निजी डिश टीवी और इंटरनेट सेवा प्रदाताओं द्वारा मनमाने तरीके से केबल बांधे जा रहे हैं, जो कुछ ही दिनों में ढीले होकर नीचे झूलने लगते हैं या टूटकर सडक़ पर गिर जाते हैं।
तुरंत कार्रवाई करे प्रशासन
सडक़ के बीच और किनारों पर लटकते केबल पैदल यात्रियों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए बड़ा खतरा हैं। कई बार दोपहिया वाहन चालक इनमें फंसकर दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
–श्रीधर कंदगल, सामाजिक कार्यकर्ता
कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए
केबलों की यह स्थिति सीधे तौर पर लोगों की जान के लिए खतरा है। हेस्कॉम और नगर निगम को सख्त नियम बनाकर नियमित निगरानी करनी चाहिए और उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
–डॉ. सी.पी. सिंधूर, जानेमाने चिकित्सक
केबल हमारे दायरे में नहीं आते
बिजली के खंभों पर बंधे केबल हमारे दायरे में नहीं आते, केवल सडक़ के मध्य स्थित खंभे ही निगम के अधीन हैं।
–रुद्रेश घाली, आयुक्त, हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम
कार्रवाई की जाएगी
बिजली के खंभे केवल विद्युत लाइन के लिए होते हैं। कुछ लोग अनुमति लेकर भी मनमाने ढंग से केबल लगा देते हैं। ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाएगी।
–नागराज कुब्बल्ली, कार्यकारी अभियंता, हेस्कॉम
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

