‘राम एंड को’ सर्किल बना आकर्षण का केंद
डीजे की धुन पर युवाओं ने जमकर की मस्ती
दावणगेरे. मध्य कर्नाटक के बेन्नेनगरी (मक्खन नगरी) दावणगेरे में बुधवार को होली का उत्साह पूरे शबाब पर रहा। शहर की गलियां रंगों से सराबोर नजर आईं और हर ओर उल्लास का माहौल छाया रहा। मंगलवार रात कामन्ना दहन के बाद सुबह होते ही लोगों ने रंगों के पर्व की शुरुआत कर दी।
बच्चों और युवाओं ने हाथों में रंग लेकर सडक़ों पर घूम-घूमकर एक-दूसरे को गुलाल लगाया। पानी में घुले रंगों की बौछारें उड़ाई गईं। परिवार के बुजुर्ग और महिलाएं भी उत्सव में शामिल रहीं। दोपहिया वाहनों पर सवार युवक रंग हवा में उछालते नजर आए।
होली का प्रमुख आकर्षण ‘राम एंड को’ सर्किल रहा, जिसे विशेष रूप से सजाया गया था। सर्किल से जुड़ी चारों सडक़ों को रंगीन कपड़ों से सजाया गया। सुबह मोहल्लों और बस्तियों में उत्सव मनाने के बाद हजारों लोग यहां एकत्र हुए और सामूहिक रूप से होली खेली।
डीजे संगीत ने उत्सव का उत्साह दोगुना कर दिया। कन्नड़ और हिंदी गीतों की धुन पर युवा थिरकते रहे। एक-दूसरे को रंग लगाते हुए खुशी का इजहार किया गया। स्कूल और कॉलेजों में अवकाश होने से विद्यार्थियों की भागीदारी अधिक रही।
एमसीसी ‘बी’ ब्लॉक स्विमिंग पूल के पास, एसएस नगर, देवराज अरसु आवासीय क्षेत्र, विद्यानगर, आंजनेय आवासीय क्षेत्र और पीजे आवासीय क्षेत्र सहित शहर के विभिन्न इलाकों में संगठनों और मित्र मंडलियों ने सामूहिक होली समारोह आयोजित किए।
भारी भीड़ के चलते कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा। कुछ मार्गों पर बैरिकेड लगाकर वाहनों का आवागमन रोका गया। पुलिस ने निगरानी टावरों से हालात पर नजर रखी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए।

