5.76 करोड़ की संपत्ति के मालिक, राजनीतिक परिवार से जुड़ा मजबूत बैकग्राउंड
दावणगेरे. कर्नाटक उपचुनाव में दावणगेरे दक्षिण सीट से भाजपा के प्रत्याशी के तौर पर उभरे श्रीनिवास टी. दास करियप्पा ने अपने नामांकन के साथ संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक किया है। पेशे से उद्यमी श्रीनिवास के पास कुल 5.76 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जिससे वे करोड़पति उम्मीदवारों की श्रेणी में शामिल हो गए हैं।
चुनाव आयोग को सौंपे गए हलफनामे के अनुसार, उनकी कुल चल संपत्ति 34.79 लाख रुपए और अचल संपत्ति 5.41 करोड़ रुपए है। इसमें 1.13 करोड़ रुपए पैतृक संपत्ति है, जबकि 4.27 करोड़ रुपए स्वयं अर्जित हैं। उनके पास 12.3 लाख रुपए बैंक में जमा, करीब 15 लाख रुपए के आभूषण तथा परिवार के अन्य सदस्यों के पास भी सोना दर्ज है। कुल देनदारी मात्र 2.96 लाख रुपए बताई गई है।
श्रीनिवास दास करियप्पा के पास लिंगापुर, तुम्बिगेरे और ऐगूर गांवों में लगभग 20 एकड़ कृषि भूमि है, जिसकी कीमत करीब 1.13 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसके अलावा कई आवासीय प्लॉट, भवन और संपत्तियां भी उनके नाम पर दर्ज हैं।
शैक्षणिक रूप से वे पीयूसी उत्तीर्ण हैं और कृषि व एपीएमसी बाजार से जुड़े व्यवसाय में अनुभव रखते हैं। वे ए-ग्रेड ठेकेदार के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
राजनीतिक रूप से उनका परिवार सक्रिय रहा है। उनके पिता दास करियप्पा तीन बार दावणगेरे शहरी विकास प्राधिकरण (डुडा) के अध्यक्ष रह चुके हैं। इसी प्रेरणा से श्रीनिवास ने राजनीति में प्रवेश किया और पिछले चार वर्षों से पार्टी संगठन में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे भाजपा एसटी मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं और पिछड़े वर्ग (बेस्त/अंबिगा समाज) के उभरते युवा नेता के रूप में पहचान बना चुके हैं।

