दावणगेरे उपचुनाव: ‘बागी’ पहलवान माने, सीएम की पहल रंग लाईमुख्यमंत्री सिद्धरामय्या से मुलाकात करते कांग्रेस के बागी उम्मीदवार सादिक पहलवान।

टिकट न मिलने पर उतरे थे मैदान में, अब कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन का संकेत

दावणगेरे. दावणगेरे दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में सियासी खींचतान के बीच कांग्रेस को बड़ी राहत मिली है। टिकट न मिलने से नाराज होकर बागी उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे सादिक पहलवान को मनाने में मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या सफल रहे हैं। उनके मान जाने से पार्टी खेमे में एकजुटता की तस्वीर उभरती दिख रही है।

सूत्रों के अनुसार, सादिक पहलवान लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े रहे हैं और वरिष्ठ नेता शामनूर शिवशंकरप्पा के साथ उनका करीब चार दशक का राजनीतिक संबंध रहा है। इस बार वे पार्टी टिकट के प्रबल दावेदार थे, लेकिन कांग्रेस ने एस.एस. मल्लिकार्जुन के पुत्र समर्थ को उम्मीदवार बनाया। इससे नाराज होकर सादिक ने बागी तेवर अपनाते हुए नामांकन दाखिल कर दिया था।

नामांकन वापसी के अंतिम दिन गुरुवार को केपीसीसी कार्याध्यक्ष सलीम अहमद और विधायक रिजवान अर्शद सहित कई नेताओं ने सादिक को मनाने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में कोई सफलता नहीं मिली। नामांकन वापसी की समयसीमा समाप्त होने के बाद भी उनके आवास पर बातचीत का दौर जारी रहा।

इसके बाद शुक्रवार को सलीम अहमद और रिजवान अर्शद सादिक पहलवान को मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के आवास पर लेकर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने उनसे विस्तृत चर्चा की और भरोसा दिलाया कि उनकी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। साथ ही पार्टी हित में एकजुट होकर काम करने की अपील की।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री की अपील और आश्वासन के बाद सादिक पहलवान ने नरमी दिखाई और कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में काम करने पर सहमति जताई है। हालांकि औपचारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन उनके रुख में आए बदलाव को पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक राहत माना जा रहा है।

राज्य में चल रहे उपचुनाव कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बने हुए हैं। ऐसे में आंतरिक मतभेदों को सुलझाकर एकजुटता बनाए रखना पार्टी की प्राथमिकता है। सादिक पहलवान के मान जाने से दावणगेरे दक्षिण सीट पर कांग्रेस की स्थिति और मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *