जिलाधिकारी प्रशांत कुमार मिश्रा ने अधिकारियों को दी चेतावनी
बल्लारी. जिलाधिकारी प्रशांत कुमार मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस वर्ष का फसल सर्वेक्षण प्रारंभ हो चुका है। यह सर्वेक्षण सही और व्यवस्थित तरीके से होना चाहिए। सर्वेक्षण करने वाले कर्मचारियों को उचित प्रशिक्षण देना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में फसल कटाई प्रयोगों की प्रगति समीक्षा, जन्म-मृत्यु नागरिक पंजीकरण प्रणाली, फसल क्षेत्र पुन: समायोजन तथा अन्य विषयों पर चर्चा की।
इस वर्ष अब तक जिले में 84 प्रतिशत बुवाई हो चुकी है। खरीफ सीजन की फसलों के सर्वेक्षण के लिए पांच तालुकों में कृषि, उद्यानिकी, राजस्व एवं पंचायत राज विभाग से 1760 क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं को नियुक्त किया गया है। अब तक 1704 प्रयोग किए जा चुके हैं। जिला अधिकारी ने निर्देश दिया कि फसल सर्वेक्षण में फार्म-1 अनिवार्य रूप से भरना चाहिए।
बैठक में अतिरिक्त जिलाधिकारी मोहम्मद एन. जुबैर, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. एन. बसरेड्डी, संयुक्त कृषि निदेशक सोमसुंदर, उद्यानिकी, नगरपालिका, अधिनस्त अधिकारी सहित सभी तालुकों के तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
जन्म-मृत्यु का पंजीकरण समय पर हो
जिला अधिकारी प्रशांत कुमार मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जन्म और मृत्यु पंजीकरण प्रक्रिया किसी भी कारण से विलंबित न हो, बल्कि समय पर पूरी होनी चाहिए।
जिला सांख्यिकी अधिकारी एन.के. पत्रीबसप्पा ने जानकारी दी कि जनवरी 2025 से जुलाई 2025 तक 8817 पुरुष और 8281 महिलाएं मिलाकर कुल 17,098 जन्म पंजीकृत हुए हैं। इसी अवधि में 4667 पुरुष, 3213 महिलाएं और 3 ट्रांसजेंडर सहित कुल 7883 मृत्यु पंजीकरण दर्ज हुए हैं।
नगरपालिका और शहरी स्थानीय संस्थानों में जन्म और मृत्यु से संबंधित कुल 3388 मामले लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी को निजी स्वास्थ्य संस्थानों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
