सांसद बसवराज बोम्मई ने की केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मांग
हुब्बल्ली. सांसद बसवराज बोम्मई ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से गदग-यलविगी रेलवे परियोजना को जल्द से जल्द शुरू करने की मांग की।
नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के दौरान बोम्मई ने कहा कि गदग-यलविगी रेलवे परियोजना हावेरी-गदग लोकसभा क्षेत्र में आती है और लगभग 58 किमी लंबी इस परियोजना को 2017-18 में केंद्र सरकार ने मंजूरी दी थी। यह परियोजना गदग और हावेरी जिलों को जोडऩे के साथ-साथ कित्तूर कर्नाटक और कल्याण कर्नाटक क्षेत्रों को भी जोड़ेगी, जिससे उत्तर कर्नाटक में यात्री और माल परिवहन में सुविधा होगी तथा राज्य की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए केंद्र और राज्य सरकार 50:50 अनुपात में वित्तीय सहायता दे रहे हैं तथा आवश्यक भूमि राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी। कर्नाटक सरकार ने पहले ही 18 अप्रेल 2022 (जब वे मुख्यमंत्री थे) को परियोजना लागत का 50 फीसदी हिस्सा और नि:शुल्क भूमि देने की घोषणा की थी।
बोम्मई ने कहा कि 17 दिसंबर 2022 को संशोधित एफएसएल अनुमान 1.45 करोड़ रुपए लागत के लिए टेंडर जारी हुआ था और सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। अगस्त 2025 के अंत तक संशोधित डीपीआर तैयार हो जाएगी। इसलिए दक्षिण पश्चिम रेलवे जोन के वरिष्ठ अधिकारियों को कर्नाटक सरकार के साथ समन्वय करके डीपीआर तुरंत प्राप्त करने का निर्देश देना चाहिए।
सांसद बोम्मई ने कहा कि इस मांग पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
650 करोड़ रुपए जारी करने की मांग
बोम्मई ने परियोजना के पहले चरण के लिए लगभग 650 करोड़ रुपए की धनराशि जारी करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। साथ ही कर्नाटक सरकार के अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू करके 2025-26 वित्तीय वर्ष में परियोजना का कार्य आरंभ सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने भरोसा जताया कि इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

