हुब्बल्ली. इंडियन ट्रैवलर्स एसोसिएशन ने चेन्नई-जोधपुर एक्सप्रेस (संख्या 20625/26) के दो अतिरिक्त साप्ताहिक फेरों को वैकल्पिक मार्ग से संचालित करने की मांग की है। एसोसिएशन के प्रवक्ता उत्तम ओ. साटिया ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजे ज्ञापन में यह सुझाव दिया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में इस ट्रेन की आवृत्ति 5 दिन से बढ़ाकर 7 दिन करने का निर्णय स्वागत योग्य है, लेकिन वर्तमान मार्ग (वाया विजयवाड़ा-अहमदाबाद) पर यात्रियों की मांग अपेक्षाकृत कम है। इसके विपरीत बेंगलूरु, मैसूर और उत्तर कर्नाटक क्षेत्र, विशेषकर हुब्बल्ली-पुणे मार्ग पर जोधपुर, अजमेर और अहमदाबाद के लिए भारी यात्री दबाव बना हुआ है।

एसोसिएशन ने सुझाव दिया है कि अतिरिक्त दो फेरों को रेणिगुंटा-गुंटकल-होसपेट-हुब्बल्ली-पुणे-सूरत मार्ग से चलाया जाए। इसके अलावा, एक अन्य विकल्प के तौर पर वर्तमान मार्ग में मेहसाणा के आगे आबूरोड-फालना-मारवाड़ जंक्शन मार्ग को शामिल करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सभी प्रस्तावित मार्गों की दूरी लगभग समान है, जिससे संचालन में कोई विशेष बाधा नहीं आएगी। इससे अधिक यात्रियों को सुविधा मिलेगी, ट्रेनों में भीड़ का संतुलन बनेगा और रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि हो सकती है।

एसोसिएशन ने यात्रियों के हितों को ध्यान में रखते हुए रेलवे मंत्रालय से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आग्रह किया है।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *