माहेश्वरी अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में दंत चिकित्सा सेवा के लिए मिला सम्मान
इलकल. बागलकोट जिले के इलकल शहर में राष्ट्रीय दंत चिकित्सक दिवस के अवसर पर माहेश्वरी अस्पताल में आयोजित एक कार्यक्रम में शहर की ख्यात दंत चिकित्सक डॉ. रश्मि दरक को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों और अस्पताल कर्मचारियों ने उनके दंत चिकित्सा क्षेत्र में योगदान की सराहना की।
माहेश्वरी अस्पताल के प्रमुख चिकित्सक डॉ. पवन कुमार दरक ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रीय दंत चिकित्सक दिवस दंत चिकित्सकों की सेवा और उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करने का अवसर है। दांत मानव जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, वे न केवल भोजन करने में सहायक होते हैं बल्कि बोलने, आत्मविश्वास बढ़ाने और समग्र स्वास्थ्य को बनाए रखने में भी अहम योगदान देते हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. रश्मि दरक पिछले कई वर्षों से दंत रोगों से पीडि़त मरीजों का सफल उपचार कर रही हैं और अपनी सेवाओं से क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई है।
कार्यक्रम में डॉ. निंगनगौड़ा बिरादर, डॉ. विश्वनाथ रेड्डी, जाकिर हुसैन मुदगल, संजय काबरा, राघवेंद्र यरगल, रूकीया हुनगुंद, रेणुका अवारी सहित अस्पताल के कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत जाकिर हुसैन मुदगल के स्वागत भाषण से हुई। डॉ. पवन कुमार दरक एवं अन्य चिकित्सकों ने डॉ. रश्मि दरक का सम्मान किया, जबकि संजय काबरा ने अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया।

