बेलगावी. निप्पाणी तालुक के श्रीपेवाड़ी गांव में स्थित जी.एम. संकपाळ हाईस्कूल के भवन में शनिवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे लाखों की संपत्ति को नुकसान हुआ।
ग्रामीणों ने स्कूल से धुआं उठते देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार कंप्यूटर कक्षा में रखे 30 कंप्यूटर, कंप्यूटर उपकरण, बैटरी और फर्नीचर जलकर खाक हो गए।
कंप्यूटर कक्षा के पास स्थित प्रधानाचार्य कार्यालय और प्रशासनिक कार्यालय भी आग की चपेट में आए, कुछ दस्तावेज और फर्नीचर जल गए।
स्थानीय दमकल विभाग और श्री हालसिद्धनाथ सहकारी चीनी मिल का फायर ब्रिगेड लगभग दो घंटे तक आग बुझाने में लगे रहे। पुराने छात्र भी आग बुझाने में मदद के लिए आए।
सौभाग्य से, छुट्टी के दिन होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।

