धारवाड़ के रामापुर के पास सनसनीखेज वारदात
डीएनए जांच जारी, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
हुब्बल्ली. धारवाड़ जिले के रामापुर गांव के पास रेलवे लाइन के समीप एक निर्जन क्षेत्र में जली हुई कार के अंदर पूर्व विधायक के पुत्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान बेलगावी जिले के बैलहोंगल के पूर्व विधायक बाबूराव बोलशेट्टी के पुत्र राजू बोलशेट्टी (54) के तौर पर की गई है।
घटना मंगलवार दोपहर सामने आई, जब स्थानीय लोगों ने करीब 2.30 बजे रेलवे ट्रैक के पास एक कार को जलते हुए देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार के अंदर पूरी तरह जला हुआ शव बरामद किया। वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपियों ने पहले कहीं और हत्या कर शव को कार में लाकर पेट्रोल छिडक़कर आग लगा दी, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें। इस एंगल से पुलिस गहन जांच कर रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्य ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) टीम और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
एसपी आर्य ने बताया कि शव पूरी तरह जली अवस्था में मिला है। पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। कार राजू बोलशेट्टी की ही है। हत्या के कारण और आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है।
परिजनों के अनुसार, राजू बोलशेट्टी सोमवार दोपहर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे थे। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

