बेलगावी में 81 वर्षीय उद्योगपति साइबर जाल में फंसे
90 लाख रुपए वापस
बेलगावी. शहर में साइबर ठगों ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर 81 वर्षीय उद्योगपति से 15 करोड़ रुपए ठग लिए। यह मामला राज्य में बढ़ते साइबर अपराधों की गंभीरता को उजागर करता है।
पुलिस के अनुसार, ठगों ने डार्क वेब के जरिए उद्योगपति से संपर्क कर उन्हें बताया कि उनका बैंक खाता मनी लॉन्ड्रिंग के संदेह में है। इसके बाद वीडियो कॉल कर खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी बताकर उन्हें डराया गया।
उद्योगपति द्वारा किसी भी तरह की गलत गतिविधि से इनकार करने पर ठगों ने नई चाल चली। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक उनकी राशि विभाग के खाते में जमा करनी होगी और जांच के बाद पैसा वापस कर दिया जाएगा। इस झांसे में आकर उद्योगपति ने अपने पास मौजूद पूरे 15 करोड़ रुपए ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
विश्वास बनाए रखने के लिए ठगों ने कुछ दिनों तक संपर्क भी बनाए रखा, लेकिन बाद में संपर्क तोड़ दिया। इसके बाद पीडि़त को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने 18 मार्च को बेलगावी के सीईएन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ठगों के खातों को फ्रीज कर दिया है और अब तक 90 लाख रुपए वापस भी मिल चुके हैं। मामले की जांच जारी है।

