क्रेडिट कार्ड से कटने वाले बीमा शुल्क का झांसा देकर ठगों ने ऐप डाउनलोड करवा कर निकाली रकम
शिवमोग्गा. शिवमोग्गा में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर एक व्यक्ति से 3 लाख रुपए से अधिक की ठगी कर ली। आरोपियों ने क्रेडिट कार्ड से कटने वाले बीमा शुल्क को रोकने का झांसा देकर पीडि़त को अपने जाल में फंसा लिया।
पुलिस के अनुसार, ठगों ने पीडि़त को फोन कर खुद को बैंक का अधिकारी बताया और कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड से बीमा की राशि कटने वाली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे इस कटौती को रद्द कर उसकी रकम बचा सकते हैं। ठगों की बातों में आकर पीडि़त ने उनकी बातों पर विश्वास कर लिया।
इसके बाद आरोपियों ने पीडि़त को एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा। निर्देशों का पालन करते हुए पीडि़त ने अपने मोबाइल में ऐप इंस्टॉल कर लिया और उसमें अपने पास मौजूद तीन अलग-अलग बैंकों के क्रेडिट कार्ड की जानकारी दर्ज कर दी।
जैसे ही ठगों को यह जानकारी मिली, उन्होंने चरणबद्ध तरीके से पीडि़त के खातों से रकम ट्रांसफर करना शुरू कर दिया। कुछ ही समय में पीडि़त के क्रेडिट कार्ड से कुल 3,06,261 रुपए कटने के संदेश मिले, तब जाकर उसे ठगी का अहसास हुआ।
घटना के बाद पीडि़त ने तुरंत साइबर क्राइम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और लोगों से इस तरह के फोन कॉल और अज्ञात ऐप से सावधान रहने की अपील की है।
पुलिस ने लोगों से कहा कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी बैंकिंग या कार्ड संबंधी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचें।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

