जलसंचायी, जनभागीदारी अभियान में देश में चौथा व राज्य में प्रथम स्थान
गदग. जलशक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित जलसंचायी, जनभागीदारी 1.0 कार्यक्रम में गदग जिले ने ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए कर्नाटक राज्य में पहला स्थान तथा देश के 780 जिलों में जोन-3, श्रेणी-3 में चौथा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए जिले को केंद्र सरकार की ओर से 25 लाख रुपए का नगद पुरस्कार भी प्रदान किया गया है।
यह सम्मान गदग जिले के आम नागरिकों, सरकारी संस्थाओं और विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों (एनजीओ) की सामूहिक सहभागिता का परिणाम माना जा रहा है। केंद्र की नोडल अधिकारी टीम ने 16 से 21 जून 2025 तक जिले का दौरा कर प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि 99 प्रतिशत डेस्कटॉप मूल्यांकन में भी इन कार्यों ने उच्च मानक हासिल किए।
जिले में 1 अप्रेल 2024 से 31 मार्च 2025 के बीच 11,971 जल संरक्षण कार्य पूरे किए गए, जिनमें 11,329 व्यक्तिगत व सामुदायिक बंध, 75 बोरवेल रिचार्ज, 60 सोक पिट, 465 वर्षा जल संचयन परियोजनाएं, 10 चेक डैम और 32 गली प्लग शामिल हैं। इन कार्यों ने जिले की जल संरक्षण की तस्वीर बदल दी है।
इस उपलब्धि ने गदग जिले को न केवल राज्य स्तर पर बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी जल संरक्षण की दिशा में एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित किया है।
जिला को राज्य में प्रथम स्थान मिलने से खुशी
कर्नाटक में जलसंचय जन भागीदारी अभियान में गदग जिले को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जो उत्साहजनक है। जिले के अधिकारी अंत:जल स्तर में वृद्धि और पर्यावरण संरक्षण के लिए कड़ी मेहनत करके कई परियोजनाओं का सफलतापूर्वक आयोजन कर चुके हैं। प्रथम स्थान मिलने के लिए जिले को नकद रूप में 25 लाख रुपए का अनुदान दिया जा रहा है। आने वाले अनुदान का उपयोग अभियान के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
–सी.एन. श्रीधर, जिलाधिकारी, गदग
केंद्रीय दल ने परियोजनाओं की गुणवत्ता की सराहना की
जिले में अंत:जल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से तालाब निर्माण, चेक डैम, बोरवेल रिचार्ज जैसी कई पर्यावरण-अनुकूल परियोजनाओं को क्रियान्वित किया गया है। इन सभी परियोजनाओं का केंद्रीय अध्ययन दल ने दौरा करके निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय दल ने जिले की परियोजनाओं की गुणवत्ता की सराहना की।
–सी.आर. मुंडरगी, उप सचिव, जिला पंचायत, गदग
और अधिक व्यावहारिक परियोजनाएं क्रियान्वित होंगी
जिले के 11,971 परियोजनाओं की जानकारी जलसंचायी, जनभागीदारी 1.0 पोर्टल पर अपलोड की गई है। जिले में सबसे अधिक परियोजनाओं का क्रियान्वयन होने के कारण यह पुरस्कार प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त, और अधिक परियोजनाओं को वैज्ञानिक ढंग से मनरेगा योजना के तहत कार्य योजना के अनुसार तैयार करके अनुमोदन प्राप्त कर और अधिक व्यावहारिक परियोजनाओं को क्रियान्वित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
–किरणकुमार एस.एच., सहायक जिला कार्यक्रम समन्वयक, मनरेगा विभाग, जिला पंचायत, गदग
