विजयपुर में गैस की कमीगैस पंपों पर लगी ऑटो रिक्शा की लंबी कतार।

ऑटो रिक्शा और होटल सेवाएं ठप होने की आशंका

मध्य पूर्व युद्ध के असर से एलपीजी संकट

गैस पंपों पर लंबी कतारें

विजयपुर. मध्य पूर्व में जारी युद्ध के असर से विजयपुर जिले में एलपीजी गैस की कमी देखी जा रही है। गैस आपूर्ति प्रभावित होने से होटल व्यवसाय और ऑटो रिक्शा चालक गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। हालात ऐसे बन रहे हैं कि आने वाले दिनों में होटल और ऑटो रिक्शा सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

शहर के कई होटल संचालकों का कहना है कि उनके यहां रोजाना तीन से चार सिलेंडर गैस की आवश्यकता होती है, लेकिन इन दिनों सिलेंडरों की आपूर्ति कम हो रही है। इससे होटल व्यवसायियों में चिंता बढ़ गई है। कुछ होटलों में खाद्य विभाग की नजर से बचने के लिए घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किए जाने की भी जानकारी सामने आई है, जिससे घरेलू गैस की उपलब्धता पर भी असर पड़ रहा है।

एलपीजी गैस से चलने वाले ऑटो रिक्शा चालकों की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। शहर के कई गैस पंपों पर गैस की कमी के कारण आपूर्ति बंद कर दी गई है, जिसके चलते जिन पंपों पर गैस उपलब्ध है वहां ऑटो रिक्शा और कारों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

इस बीच कुछ स्थानों पर ऑटो रिक्शा के लिए अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार भी तेजी से चलने की जानकारी मिली है। ऐसे अड्डों पर गैस भरवाने के लिए वाहनों की कतारें लग रही हैं।

विजयपुर शहर में करीब पांच हजार ऑटो रिक्शा एलपीजी गैस से संचालित होते हैं। ऑटो रिक्शा चालकों का कहना है कि यदि गैस की आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई तो अगले दो दिनों में ऑटो रिक्शा का संचालन भी ठप पड़ सकता है, जिससे आम लोगों की आवाजाही पर असर पड़ेगा।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *