यूजीसी नियमों से बाहर हुए 6,000 से अधिक व्याख्याताओं की मांग
हुब्बल्ली. राज्य सरकारी प्रथम श्रेणी कॉलेज व्याख्याता संघ के अध्यक्ष हनुमंतगौड़ा कलमनी ने मांग की है कि राज्य सरकारी प्रथम श्रेणी कॉलेजों के अतिथि व्याख्याताओं को सेवा सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए।
शहर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कलमनी ने कहा कि यूजीसी और गैर-यूजीसी योग्य उम्मीदवार पिछले तीन महीनों से बेरोजगार बैठे हैं और उनका जीवन संकट में है। सिद्धरामय्या जब विपक्ष के नेता थे, तब उन्होंने हमारी समस्या पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया था। अब वे खुद मुख्यमंत्री हैं, तो समाधान करना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों का अनुभव होने के बावजूद शैक्षणिक योग्यता के आधार पर 6,000 से अधिक अतिथि व्याख्याताओं को नौकरी से बाहर कर दिया गया है। नियुक्ति के समय यह योग्यता शर्त नहीं थी, लेकिन अब इसे लागू किया जा रहा है। कानून में संशोधन कर व्याख्याताओं को राहत देनी चाहिए।
कलमनी ने याद दिलाया कि बेलगावी में हुए शीतकालीन अधिवेशन के दौरान सरकार ने शीघ्र सकारात्मक खबर देने का आश्वासन दिया था, लेकिन तीन महीने बीतने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बजट सत्र से पहले या उसके दौरान घोषणा नहीं की गई, तो अतिथि व्याख्याताओं को मजबूरन सिद्धगंगा मठ (तुमकूरु) से बेंगलूरु के फ्रीडम पार्क तक पदयात्रा करनी पड़ेगी और वहां अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा।
संवाददाता सम्मेलन में लक्ष्मणगौड़ा, जयकुमार, विजयकुमार देसाई और प्रभुराजगौड़ा पाटील उपस्थित थे।

