कुलपाक तीर्थ में महिला अधिवेशन
इलकल की वैशाली कटारिया को ‘महिला प्रतिभा सम्मान’
इलकल (बागलकोट). ऑल इंडिया जैन कटारिया फाउंडेशन के निवर्तमान अध्यक्ष राजेन्द्र कटारिया ने कहा कि प्रतिभाओं के सम्मान से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आगे बढऩे की प्रेरणा मिलती है।
वे फाउंडेशन की महिला विंग द्वारा कुलपाक तीर्थ में आयोजित तृतीय महिला अधिवेशन के दौरान इलकल की वैशाली विशाल कटारिया को ‘महिला प्रतिभा सम्मान’ प्रदान किए जाने के अवसर पर बोल रहे थे।
राजेन्द्र कटारिया ने कहा कि वैशाली कटारिया ने हस्तनिर्मित सिरेमिक कला को नई पहचान दिलाई है। साथ ही ‘कमे माचा’ के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाले जापानी माचा को बढ़ावा देकर स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। उनकी इस उत्कृष्ट साधना और नवाचार को देखते हुए उन्हें सम्मानित करना गर्व का विषय है।
अधिवेशन में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया, जिससे अन्य महिलाओं को भी आगे बढऩे की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित संघवी, सचिव पृथ्वीराज कटारिया, महिला विंग अध्यक्ष आशा कटारिया और सचिव प्रो. सुरेखा कटारिया सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

