बेंगलूरु-बल्लारी हाईवे पर भीषण हादसा, तीन पुलिस अधिकारियों की मौतहादसे में क्षतिग्रस्त कार।

कार ने लारी को पीछे से मारी टक्कर

दो अधिकारी गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

चित्रदुर्ग. बेंगलूरु-बल्लारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तडक़े एक भीषण सडक़ दुर्घटना में तीन पुलिस अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा चित्रदुर्ग जिले के चल्लकेरे के पास हेग्गेरे गेट के निकट हुआ।

पुलिस के अनुसार, मृतक सभी बेंगलूरु के रिजर्व पुलिस के अधिकारी थे। उनकी पहचान आरएसआई मंजुनाथ (32), आरएसआई अंबरीश और आरएसआई सचिन के तौर पर की गई है। दुर्घटना में घायल अधिकारियों ईश्वर (पीएसआई) और महांतेश (आरएसआई) को तुरंत चित्रदुर्ग के बसवेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, पांचों पुलिस अधिकारी बेंगलूरु से बल्लारी में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए एक ही कार से जा रहे थे। रविवार सुबह लगभग 7 बजे जब उनकी कार हेग्गेरे के पास स्थित प्रकाश स्पंज आयरन कंपनी के समीप पहुंची, तभी यह हादसा हुआ।

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार आगे चल रही लारी के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीन अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि सुबह के समय लंबी यात्रा के कारण चालक को झपकी आने से कार का नियंत्रण बिगड़ गया और वह लारी से टकरा गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। चित्रदुर्ग के पुलिस अधीक्षक रणजीत कुमार बंडारू ने घटनास्थल का दौरा कर जांच की। पुलिस ने लारी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इस संबंध में चल्लकेरे पुलिस थाने में मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *