ऑडियो-वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई, जांच के आदेश
शिकायत दर्ज कराने से पीछे हटे पीडि़त पक्ष
मेंगलूरु. महिलाओं के साथ कथित अनुचित व्यवहार के आरोप में मूडुबिदिरे थाने के इंस्पेक्टर संदेश बी.जी. को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई मेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त सुधीर कुमार रेड्डी के निर्देश पर की गई।
पुलिस के अनुसार, इंस्पेक्टर से जुड़ा एक ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उनके व्यवहार को आपत्तिजनक बताया गया है। प्रारंभिक जांच में सामग्री संदिग्ध पाए जाने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
मामला मूडुबिदिरे थाने में दर्ज एक केस से जुड़ा है, जिसमें गिरफ्तार व्यक्ति की पत्नी ने इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप लगाए थे। महिला का कहना था कि उसके पति को छोडऩे के बदले यौन संबंध बनाने का दबाव डाला गया और 25 लाख रुपए नहीं देने पर पति के खिलाफ ‘राउडीशीट’ खोलने की धमकी दी गई।
घटना को मीडिया में प्रमुखता से दिखाए जाने के बाद राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे।
हालांकि, पुलिस आयुक्त के अनुसार आरोप लगाने वाली दोनों महिलाओं ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है। इसके बावजूद वायरल ऑडियो-वीडियो के आधार पर विभागीय जांच जारी है।

