मलप्रभा नदी में कूदकर आत्महत्या
हाल ही में बनाया था नया घर
बेलगावी. जिले में शादी के लिए लडक़ी न मिलने से मानसिक रूप से परेशान एक जेल वार्डर ने मलप्रभा नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार को सामने आई, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान बेलगावी तालुक के मुत्नाल गांव निवासी विनोद भीमप्पा तिगड़ी (31) के तौर पर की गई है। वह बेलगावी के हिंडलगा केंद्रीय कारागार में जेल वार्डर के तौर पर कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार विनोद ने हाल ही में नया घर बनवाया था और स्वभाव से शांत व मिलनसार था। परिवार के लोग उसके विवाह के लिए लडक़ी की तलाश कर रहे थे, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद रिश्ता तय नहीं हो पा रहा था। इसी कारण वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है।
मंगलवार को उसने कथित रूप से मलप्रभा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
इस संबंध में कित्तूर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

