बेलगावी में भव्य आयोजन
शिक्षा, व्यवसाय, समाजसेवा समेत छह श्रेणियों में दिए गए पुरस्कार
बेलगावी. जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) ने अपना 20वां स्थापना दिवस बेलगावी में हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर जैन समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, प्रधानमंत्री 15 सूत्रीय अल्पसंख्यक कल्याण कार्यक्रम समिति के सदस्य, शिक्षाविद एवं समाजसेवी महेंद्र सिंघी ने जीतो बेलगावी चैप्टर की एकजुटता और समाजोपयोगी गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बेलगावी का जीतो चैप्टर आज देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुका है।
जीतो बेलगावी के अध्यक्ष हर्षवर्धन इंचल ने स्वागत भाषण में संगठन की 20 वर्षों की वैश्विक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए इसकी निरंतर प्रगति और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विश्व नवकार दिवस पर पिछले वर्ष बेलगावी से सर्वाधिक पंजीकरण हुआ था और इस वर्ष भी उसी रिकॉर्ड को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक भावेश शाह ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित करने के साथ-साथ दूसरों को भी समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। इस वर्ष स्थापना दिवस के अवसर पर छह विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।
वर्ष 2026 के पुरस्कारों में ‘संस्थान-2026’ सम्मान भद्रबाहु ग्रामीण अल्पसंख्यक शिक्षा समिति, शमनेवाड़ी (निप्पाणी) को दिया गया। ‘सर्वश्रेष्ठ व्यवसाय इकाई-2026’ का पुरस्कार सुपर डिस्पोजल, बेलगावी को मिला, जबकि ‘सर्वश्रेष्ठ सामाजिक सेवा-2026’ के लिए राजेंद्र शिरामोजी (बोगुर, खानापुर) को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में ‘सर्वश्रेष्ठ पेशेवर-2026’ के रूप में डॉ. सूरज पाटिल, ‘सर्वश्रेष्ठ महिला उद्यमी-2026’ के लिए अनुपमा शिरहट्टी (निदेशक, जैन इंजीनियर्स, बेलगावी) तथा ‘सर्वश्रेष्ठ किसान-2026’ के लिए सुमति एवं दिनेश पाटिल (पीरानवाड़ी) को सम्मान प्रदान किया गया।
जीतो एपेक्स के अल्पसंख्यक मामलों के प्रभारी निदेशक पुष्पक हनमन्नवर ने सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से जनगणना में ‘जैन’ धर्म का उल्लेख करने की अपील की। वहीं केकेजी जोन के उपाध्यक्ष संतोष पोरवाल और जीतो यूथ विंग एपेक्स के अध्यक्ष रजत हरड़ी ने संगठन की आगामी योजनाओं और युवाओं की भागीदारी पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य सचिव अभय आदिमनी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

